यूपी के कानपुर शहर में शनिवार रात ठंड ने पिछले चार साल का रिकार्ड तोड़ दिया। रात दो बजे न्यूनतम पारा लुढ़ककर 3.6 डिग्री आ गया। इससे पहले दिसंबर 2014 में न्यूनतम पारा इस स्तर पर पहुंचा था।
इस सीजन का भी यह सबसे न्यूनतम पारा है। नैनीताल, शिमला और जम्मू-कश्मीर से भी कानपुर ज्यादा ठंडा रहा। इन जगहों पर न्यूनतम पारा पांच के ऊपर ही रिकार्ड किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में ठंड और बढ़ सकती है। अधिकतम तापमान भी सामान्य से तीन डिग्री कम 22 डिग्री रिकार्ड किया गया।
हालांकि पिछले दिन की अपेक्षा एक डिग्री की बढ़ोतरी हुई है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले समय में धूप जरूर निकलेगी लेकिन बर्फीली हवाओं की वजह से असर कम रहेगा।
रात की हवा में नमी की मात्रा 10 प्रतिशत बढ़कर 94 पहुंच गई। दिन में 29 प्रतिशत पर ही स्थिर है। सीएसए के कृषि वैज्ञानिक और मौसम विभाग के निदेशक नौशाद खान ने बताया कि पारा नीचे गिरने की वजह से आलू, सरसो और मटर जैसी फसलों को नुकसान पहुंच सकता है। इन फसलों को पाला (अधिक ठंड) से बचाने के लिए उनकी पत्तियों पर राख का छिड़काव किया जा सकता है।