कानपुर: गैंगस्टर अजय ठाकुर की पिटाई का मामला, भीड़ जुटने पर साथियों ने की थी फायरिंग, ऑटो मालकिन ने दी तहरीर
Kanpur News: हनुमंत विहार थाना क्षेत्र अंतर्गत जूही कलां डब्ल्यू ब्लॉक में हिस्ट्रीशीटर व गैंगस्टर अजय ठाकुर और उसके साथियों की पिटाई कर दी गई थी। क्षतिग्रस्त ई-ऑटो की मालकिन सुमन ने पुलिस को तहरीर देकर शिकायत की है कि घटना की रात स्कॉर्पियो सवार युवकों ने भीड़ से बचने के लिए दहशत फैलाने की नीयत से हवाई फायरिंग की थी।
विस्तार
कानपुर में हनुमंत विहार के जूही कलां डब्ल्यू ब्लॉक में बर्रा थाने के हिस्ट्रीशीटर गैंगस्टर अजय ठाकुर और उसके साथियों को पीटे जाने के मामले में फायरिंग की बात सामने आई है। जिस ई-ऑटो में टक्कर मारी गई उसकी मालकिन सुमन ने थाने में तहरीर देकर शिकायत की है। बताया कि जब लोगों ने स्कॉर्पियो को घेरा तो उसमें सवार युवकों ने हवाई फायरिंग कर दहशत फैलाई। किसी तरह सभी को काबू में किया गया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
उस्मानपुर कच्ची बस्ती निवासी सुमन ने पुलिस को बताया कि रविवार रात बस्ती में एक युवक का पीछा करते हुए काले रंग की स्कॉर्पियो तेज गति से आई। उसमें एक राजनीतिक पार्टी का झंडा और विधायक लिखा हुआ था। कार में छह लोग सवार थे। सभी युवक को कार के अंदर खींच कर मारपीट करने लगे। शोरगुल सुनकर भीड़ जुटने लगी तो कार सवार एक युवक ने हवाई फायरिंग शुरू कर दी।
तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी
कार चालक ने भागने के चक्कर में तेजी से गाड़ी बैक की। इससे पीछे खड़ा उनका ई-ऑटो क्षतिग्रस्त हो गया। ऑटो में बैठा चालक गयाप्रसाद भी घायल हो गया। इसके बाद लोगों ने कार को घेर कर लोगों को पीटा। हनुमंत विहार थाना प्रभारी राजीव सिंह ने बताया कि पिटाई में हिस्ट्रीशीटर अजय ठाकुर, शेरा उर्फ साहिल और आयुष घायल हुए हैं। सभी का हैलट अस्पताल में इलाज जारी है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
34 प्राथमिकी दर्ज फिर भी माननीय सा रसूख
इलाके में चर्चा है कि अजय सिर्फ स्कार्पियो में विधायक ही लिखकर नहीं चलता है बल्कि उसका रसूख भी किसी माननीय से कम नहीं है। तभी तो उसके खिलाफ 34 प्राथमिकी दर्ज होने के बाद भी बर्रा पुलिस उस पर कार्रवाई तो दूर उसकी गाड़ी से विधायक लिखा स्टीकर भी न हटवा सकी। चर्चा तो यह भी जौनपुर के एक बाहुबली का भी हाथ होने के कारण बर्रा पुलिस उसे बताकर ही उसके घर दबिश के लिए जाती है।