Kanpur: आईआईटी सिर्फ 500 रुपये में बनाएगा साइबर एक्सपर्ट, सी3आई हब और विवि के बीच होगा एमओयू
Kanpur News: साइबर सिक्योरिटी स्किलिंग प्रोग्राम को पांच मॉड्यूल में विभाजित किया गया है। इसमें नेटवर्क सिक्योरिटी, सिक्योरिटी थ्रेट्स एंड ट्रेंड, क्रिप्टोग्राफी, एप्लीकेशन सिक्योरिटी और ओएस सिक्योरिटी कोर्स के बारे में जानकारी दी जाएगी।
विस्तार
साइबर हमलों से बचने के लिए आईआईटी कानपुर अब साइबर एक्सपर्ट की फौज तैयार करेगा। इसके लिए आईआईटी छत्रपति शाहूजी महाराज विवि के छात्रों को साइबर एक्सपर्ट बनाएगा। इसके लिए विवि के छत्रपति शाहूजी महाराज इनोवेशन फाउंडेशन आईआईटी की सी3आई हब के साथ समझौता करेगा। इसके बाद वोकेशनल कोर्स इन साइबर सिक्योरिटी कोर्स की शुरुआत की जाएगी। इसकी फीस सिर्फ 500 रुपये होगी।
गुरुवार को विवि और आईआईटी के बीच एमओयू साइन किया जाएगा। छात्रों के साथ शिक्षकों को भी प्रशिक्षित किया जाएगा। बता दें कि नई शिक्षा नीति के तहत अब वोकेशनल कोर्स भी अनिवार्य हैं। साइबर सिक्योरिटी कोर्स भविष्य के लिए महत्वपूर्ण हैं। इसी को देखते हुए विवि ने यह कवायद कर रहा है। अब विवि और संबद्ध डिग्री कॉलेजों के छात्र ऑनलाइन वोकेशनल कोर्स कर सकेंगे।
साइबर सिक्योरिटी स्किलिंग प्रोग्राम को पांच मॉड्यूल में विभाजित किया गया है। इसमें नेटवर्क सिक्योरिटी, सिक्योरिटी थ्रेट्स एंड ट्रेंड, क्रिप्टोग्राफी, एप्लीकेशन सिक्योरिटी और ओएस सिक्योरिटी कोर्स के बारे में जानकारी दी जाएगी। कंप्यूटर की बेसिक जानकारी रखने वाले छात्र भी इस कोर्स को कर सकते हैं। यह कोर्स ऑनलाइन और हिंदी माध्यम से होगा। इसमें प्रैक्टिकल के साथ थ्योरी भी होगी। यह तीन क्रेडिट का कोर्स होगा।
15 कॉलेज के प्रिंसिपल भी होंगे शामिल
छत्रपति शाहूजी महाराज इनोवेशन फाउंडेशन इंचार्ज डॉ. शिल्पा कायस्था ने कहा कि एमओयू कार्यक्रम में विवि से जुड़े 15 कॉलेज के प्रिंसिपल भी शामिल होंगे। छात्रों की ऑनलाइन कक्षाएं लगेंगी। सभी छात्रों को लॉगइन और पासवर्ड दिया जाएगा। छात्रों के साथ कुछ शिक्षकों को भी प्रशिक्षित किया जाएगा। इसके अलावा अगर जरूरत पड़ती है तो गेस्ट फैकल्टी की भी नियुक्ति की जाएगी।