Kanpur: दीनू के साथी अपराधियों के घर की होगी कुर्की, भाई और भतीजे की तलाश में पुलिस ने मारी दबिश
Kanpur News: दीनू के भाई संजय और भतीजे मनु की तलाश में टीम उनके नवाबगंज स्थित घर पहुंची। भारी पुलिस बल को देखकर लोग छज्जों से झांकने लगे। पुलिस कर्मियों ने घर की तलाशी, लेकिन उन्हें वांछित आरोपी नहीं मिले।
विस्तार
कानपुर जेल में बंद अधिवक्ता दीनू उपाध्याय के साथियों व भाई और भतीजे की तलाश में पुलिस ने रविवार को तीन स्थानों पर दबिश दी है। हालांकि तीनों ही जगह आरोपी नहीं मिले। पुलिस को खाली हाथ लौटना पड़ा। अब पुलिस कुर्की की कार्रवाई करने की तैयारी कर रही है। मनोज गुप्ता की ओर से बिठूर थाने में दर्ज जमीन कब्जाने के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश की कार्रवाई की गई।
शनिवार की तरह पुलिस टीमों ने मंगलवार को भी आरोपियों के घर और संभावित ठिकानों पर दबिश दी। सबसे पहले पुलिस टीम दीनू के साथी रचित पाठक की तलाश में बिठूर के मैनावती मार्ग स्थित सुखधाम अपार्टमेंट पहुंची जहां उसे रचित नहीं मिला। इसी तरह अमन शुक्ला की तलाश में उसके श्यामनगर स्थित आवास पर दबिश दी। यहां भी टीम को आरोपी नहीं मिला।
आरोपियों के खिलाफ जल्द कुर्की की कार्रवाई
वहीं, दीनू के भाई संजय और भतीजे मनु की तलाश में टीम उनके नवाबगंज स्थित घर पहुंची। भारी पुलिस बल को देखकर लोग छज्जों से झांकने लगे। पुलिस कर्मियों ने घर की तलाशी, लेकिन उन्हें वांछित आरोपी नहीं मिले। डीसीपी सेंट्रल श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि दीनू के साथी आरोपियों के खिलाफ जल्द कुर्की की कार्रवाई की जाएगी।