Kanpur: बारिश में आधी रात को भरभराकर गिरा मकान, मलबे में दबी महिला को ग्रामीणों ने बचाया, अस्पताल में भर्ती
Kanpur News: नरवल तहसील क्षेत्र के तिलसहरी सराय गांव में शनिवार मध्यरात्रि तेज बारिश के कारण एक जर्जर कच्चा मकान भरभराकर गिर गया। हादसे में घर में अकेली मौजूद शशि मिश्रा मलबे में दब गईं, जिन्हें सतर्क ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाल कर अस्पताल में भर्ती कराया।
विस्तार
कानपुर में नरवल तहसील क्षेत्र के तिलसहरी सराय गांव में शनिवार मध्यरात्रि तेज बारिश के कारण एक जर्जर कच्चा मकान भरभराकर गिर गया। मकान के अंदर मौजूद महिला मलबे में दब गई, लेकिन ग्रामीणों की सूझबूझ से उसे सुरक्षित निकाल लिया गया। हादसे के समय शशि मिश्रा पत्नी स्वर्गीय संतोष मिश्रा घर में अकेली थीं।
मकान गिरने की तेज आवाज और चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग दौड़े। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर मलबा हटाया और शशि को बाहर निकाला। इसके बाद उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। पीड़िता ने बताया कि उनके पति की कई वर्ष पहले मौत हो चुकी है। उनकी दो बेटियों की शादी हो चुकी है।
पूरा घर गिरने की कगार पर है
मकान काफी समय से जर्जर था और बारिश से उसकी स्थिति और खराब हो गई थी। अब पूरा घर गिरने की कगार पर है, जिससे उनके सामने रहने का संकट खड़ा हो गया है। राजस्व विभाग के अधिकारियों ने रविवार को घटना की जानकारी मिलने के बाद मौके पर टीम भेजने की बात कही है।
नुकसान की जांच कराई जाएगी
अधिकारियों के अनुसार गिरे मकान और हुए नुकसान की जांच कराई जाएगी। जांच रिपोर्ट के आधार पर आवश्यक कार्रवाई होगी। यदि शशि मिश्रा सरकारी आवासीय कॉलोनी योजना की पात्र पाई जाती हैं, तो नियमानुसार उन्हें आवास उपलब्ध कराया जाएगा।