Kanpur: अपने घरों के आसपास की सड़कों के गड्ढे भी नहीं भरवा पा रहे माननीय, जनता परेशान…विधायकों ने कही ये बात
Kanpur News: कानपुर में विधायकों के घरों और कार्यालयों के आसपास की सड़कें ही गड्ढों से बदहाल हैं। सुरेंद्र मैथानी के मकान के पास करोड़ों की सड़क टूटी है। वहीं नीलिमा कटियार और अमिताभ बाजपेई के कार्यालयों के पास हाल में कराया गया घटिया पैचवर्क उखड़ने लगा है।
विस्तार
कानपुर शहर के विधायक अपने घरों, कार्यालयों के आसपास की सड़कों के गड्ढे ही नहीं भरवा पा रहे। खुद हिचकोले खा रहे हैं और शहरवासी भी परेशान हैं। अमर उजाला ने सोमवार को विधायकों के घरों, कार्यालयों के आसपास की सड़कों का जायजा लिया, तो हकीकत सामने आई। पूछने पर कई राहगीर कटाक्ष किया कि स्मार्ट सिटी के माननीय जब अपने आसपास की सड़कें ही नहीं बनवा पा रहे तो उनसे अन्य क्षेत्रों को चमाचम करने की क्या उम्मीद की जाए। यदि सड़कें बनीं या पैचवर्क कराया गया तो वह भी इतना घटिया होता है कि चंद दिनों से लेकर कुछ महीनों में ही स्थिति जस की तस हो जाती है।
सुरेंद्र मैथानी के निर्माणाधीन मकान के पास सड़क पर गड्ढे
भाजपा विधायक सुरेंद्र मैथानी के पांडुनगर स्थित निर्माणाधीन मकान के पास डबल पुलिया रोड टूट गई है। गड्ढों में पानी भरा नजर आया। मौरंग भी पड़ी थी। यह सड़क डबल पुलिया से जेके मंदिर होते हुए लोहारन भट्ठा जाती है। करीब 12.5 करोड़ से बनी इस सड़क पर शास्त्रीनगर चेन फैक्टरी मोड़ के पास, पुरानी रेलवे पटरी के पास, जेके मंदिर चौराहे के पास गड्ढे हैं। दो स्थानों में सड़क की गिट्टी भी गायब हो गई है।
नीलिमा कटियार के कार्यालय के पास उखड़ा पैचवर्क
भाजपा विधायक नीलिमा कटियार के आवास विकास कालोनी में सिलिंडर चौराहे के पास स्थित कार्यालय के आसपास की सड़कों को गड्ढामुक्त करने के लिए किया गया पैचवर्क चंद दिनों में ही उखड़ने लगा। वहां से एस्कार्ट वर्ल्ड स्कूल मार्ग पर पैचवर्क से बजरी उखड़कर आसपास सड़क पर फैल गई। इससे दोपहिया वाहन सवार फिसल रहे हैं। हादसे का खतरा है। कमोबेश यही हालत सिलिंडर चौराहे से बगिया रोड तक और केशव वाटिका पार्क के सामने भी है।
अमिताभ बाजपेई के आवास के पास भी बजरी फैली
सपा विधायक अमिताभ बाजपेई के आरएसपुरम स्थित आवास के पास मुख्य मार्ग देवकी चौराहा - छपेड़ा पुलिया रोड पर ताजा पैचवर्क उखड़ गया है। आसपास बजरी फैली थी। आसपास के लोगों ने बताया कि इस व्यस्त सड़क पर दो दिन पहले ही पैचवर्क कराया गया था। गड्ढे भर गए पर पैचवर्क की हालत देखकर लग रहा है कि कुछ दिन में हालत उससे भी बदतर हो जाएगी।
दो विधायकों का आवास, सड़क की हालत जर्जर
कानपुर। सीसामऊ से सपा विधायक नसीम सोलंकी और कैंट से सपा विधायक मोहम्मद हसन रूमी के केडीए स्थित आवास के पास रोड की हालत जर्जर हो चुकी है। केडीए चौराहे से लेकर खट्टा मीठा चौराहा और गल्ला गोदाम चौराहे पर जगह-जगह सड़क उखड़ी हुई है। स्थानीय दुकानदारों का कहना है कि विधायकों का इस रूट से रोजाना कई बार आवागमन होता है। इसके बाद भी रोड को बनवाने की कोई भी विधायक सुध नहीं ले रहा है। स्थानीय निवासी मोनू, फैज़ान समेत अन्य लोगों का कहना है कि हाल ही में रोड में पैचवर्क न करके गलियों में किया गया है।
डबल पुलिया पर नाली पर अतिक्रमण की वजह से सड़क पर पानी बह रहा था, आज उसे हटवाया है, मंगलवार तक पूरा साफ होने के बाद रात से ही सड़क बननी शुरू हो जएगी। पीडब्ल्यूडी की दो दिन पहले से ही तैयारी थी लेकिन इस अतिक्रमण की वजह से रुकना पड़ा। -सुरेंद्र मैथानी विधायक, गोविंदनगर
कई जगहों पर सड़कों पर पैचवर्क कराया गया लेकिन बारिश की वजह से सड़क बार-बार उखड़ रही है। आज भी 67 लाख से बनने वाली एक सड़क निर्माण का शिलान्यास किया है लेकिन उससे दो तीन दिन बाद जब नमी सूख जाएगी तक बनना शुरू होगी। इस बार देर तक बारिश से यह दिक्कत उठानी पड़ रही है। -नीलिमा कटियार विधायक कल्याणपुर
जहां मैं रहता हूं वह मेरा विधानसभा क्षेत्र नहीं है लेकिन यहां भी सड़क की स्थिति काफी खराब है। सड़क पर बड़ा गड्ढा होने की वजह से रात में टहलना फिलहाल बंद कर रखा है। आज ही मैंने विभाग के अभियंता को फोन करके सड़क चलने लायक बनाने के कहा है। -अमिताभ बाजपेई, विधायक आर्यनगर
मेरे क्षेत्र में अधिकतर सड़कें बन गई हैं, एक दो सड़कें टूटी हैं उन्हें नगर निगम से कहकर बनवा रहा हैूं। इसके बाद भी यदि कोई सड़क खराब है तो उसे भी बनवा दी जाएगी। -मो. हसन रूमी, विधायक छावनी