कानपुर: होमगार्ड भर्ती धांधली में बड़ा खुलासा, मेडिकल फिटनेस के नाम पर तीन लाख की वसूली, कार से चल रहा था खेल
Kanpur News: होमगार्ड भर्ती के मेडिकल परीक्षण के दौरान डॉक्टरों द्वारा अभ्यर्थियों से की जा रही वसूली मामले में नया खुलासा हुआ है। जांच में सामने आया है कि अभ्यर्थियों से करीब तीन लाख रुपये की वसूली की गई, जिसमें से एक लाख रुपये ऑनलाइन माध्यम से लिए गए थे।
विस्तार
कानपुर पुलिस लाइन में चल रही होमगार्ड भर्ती प्रक्रिया के दौरान मेडिकल परीक्षण में हुई वसूली के मामले में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। जांच के दौरान सामने आया है कि आरोपी डॉक्टरों ने अभ्यर्थियों से करीब तीन लाख रुपये की अवैध वसूली की थी, जिसमें से एक लाख रुपये सीधे ऑनलाइन ट्रांसफर कराए गए थे। मामले की जांच कर रही पुलिस को अब होमगार्ड विभाग के ही कुछ कर्मचारियों और बिचौलियों की मिलीभगत की गंभीर आशंका है, जिसकी गहनता से छानबीन की जा रही है।
बता दें कि लिस लाइन में होमगार्ड भर्ती के लिए अभ्यर्थियों का मेडिकल परीक्षण चल रहा था। बृहस्पतिवार रात परीक्षण के लिए तैनात सरकारी डॉक्टर डॉ. प्रवीण अग्रवाल और डॉ. महेश त्रिवेदी पर अभ्यर्थियों ने गंभीर आरोप लगाए। अभ्यर्थियों का कहना था कि मेडिकल फिटनेस देने के नाम पर उनसे 15 हजार से लेकर 50 हजार रुपये तक की मांग की जा रही थी और न देने वालों को अनफिट करने की धमकियां दी जा रही थीं।
पुलिस लाइन में जमकर हंगामा
डॉक्टर अपने साथ रिश्तेदारों और बेटों को भी लाए थे, जो कार नंबर (यूपी 78 जेजे 8030) में बैठकर अभ्यर्थियों को पर्चियां थमाते और पैसे वसूलते थे। जब कुछ अभ्यर्थियों ने विरोध किया तो एक युवक को वसूली करते रंगे हाथों दबोच लिया गया, जिसके बाद गुस्साए अभ्यर्थियों ने उसकी जमकर पिटाई कर दी और पुलिस लाइन में हंगामा खड़ा कर दिया।
विभागीय मिलीभगत की भी जांच करेगी पुलिस
हंगामे की सूचना मिलते ही कई थानों का फोर्स मौके पर पहुंचा और स्थिति पर काबू पाया। होमगार्ड जिला कमांडेंट प्रीति शर्मा ने अभ्यर्थियों के आरोपों को सही पाते हुए तत्काल प्रभाव से दोनों आरोपी डॉक्टरों और उनके सहयोगियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई। जांच के दौरान पता चला है कि आरोपी डॉ. प्रवीण की पत्नी डॉ. गरिमा भी पनकी सीएचसी में तैनात हैं। जिला कमांडेंट के अनुसार, अभ्यर्थियों के पैसे वापस कराने की प्रक्रिया शुरू की जा रही है।