कानपुर: ‘अब मरीज नहीं काटेंगे चक्कर’, 800 करोड़ से होगा हैलट सुपर स्पेशियलिटी का विस्तार, मिलेंगी ये सुविधाएं
Kanpur News: हैलट अस्पताल में सुपर स्पेशियलिटी सुविधाओं के विस्तार के लिए 800 करोड़ रुपये का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। इसके तहत पुराने हॉस्टल को हटाकर आठ मंजिला आधुनिक भवन बनाया जाएगा, जिसमें पीडियाट्रिक कार्डियोसर्जरी, ऑन्कोसर्जरी और गैस्ट्रो सर्जरी समेत 12 नए सुपर स्पेशियलिटी विभाग शुरू होंगे।
विस्तार
कानपुर मे हैलट अस्पताल के सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक को हाईटेक और आधुनिक सुविधाओं से लैस करने के लिए 800 करोड़ रुपये का प्रस्ताव शासन को भेजा गया है। प्रस्ताव के अनुसार यहां 12 नए सुपर स्पेशियलिटी विभाग बनाने की तैयारी है। इससे लखनऊ के एसजीपीजीआई और केजीएमयू में महीनों में अपनी बारी का इंतजार रोगियों को नहीं करना होगा और शहर में ही इलाज मिल सकेगा।
सांसद देवेंद्र सिंह भोले ने भी केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री से मुलाकात कर इस प्रोजेक्ट को जल्द स्वीकृति दिलाने की सिफारिश की है। उन्होंने केंद्र सरकार से इसके लिए बजट की मांग की है। प्रस्ताव में बताया गया है कि जीटी रोड स्थित पुराने जीएनएम/एएनएम हॉस्टल को तोड़कर एक आधुनिक आठ मंजिला नया भवन तैयार किया जाएगा। इसमें पीडियाट्रिक कार्डियोसर्जरी (बच्चों के दिल की सर्जरी), ऑन्कोसर्जरी, हेपेटोलॉजी, ऑन्कोलॉजी, गैस्ट्रो सर्जरी, पीडियाट्रिक न्यूरोलॉजी, पीडियाट्रिक सर्जरी, पीडियाट्रिक गैस्ट्रो मेडिसिन, प्लास्टिक सर्जरी जैसे 12 नए विभाग शुरू होंगे।
मरीजों को महीनों वेटिंग में गुजरना पड़ता है
इसके अलावा मरीजों को पेट स्कैन और गामा नाइफ जैसी उन्नत जांचों के लिए लखनऊ या दिल्ली नहीं भागना पड़ेगा। अत्याधुनिक ओटी, नए ओपीडी ब्लॉक और नए बेड शामिल किए जाएंगे जिससे मरीजों को वेटिंग से मुक्ति मिलेगी। अभी तक इन विशेषज्ञताओं वाले विभाग सिर्फ एसजीपीआई, आरएमएल और केजीएमयू में हैं जहां हर विभाग में 20 से 30 बेड ही हैं। इस कारण मरीजों को महीनों वेटिंग में गुजरना पड़ता है।
सटीक और त्वरित इलाज कानपुर में ही संभव हो सकेगा
प्राचार्य डॉ. संजय काला ने बताया कि वर्तमान में कानपुर और आसपास के 18 जिलों में सुपर स्पेशियलिस्ट डॉक्टरों की कमी के कारण मरीजों को लखनऊ के केजीएमयू, एसजीपीजीआई या आरएमएल रेफर करना पड़ता है। इस आठ मंजिला नए परिसर के बनने से न केवल लखनऊ पर निर्भरता खत्म होगी बल्कि गंभीर बीमारियों का सटीक और त्वरित इलाज कानपुर में ही संभव हो सकेगा। प्रस्ताव को हरी झंडी मिलते ही निर्माण कार्य और नए विभागों की स्थापना का काम तेजी से शुरू कर दिया जाएगा।