Kanpur Fire: हॉकी और रिवाल्वर लेकर आता था लेखपाल, मड़ौली प्रधान बोले- लेखपाल ने उन्हें भी मौके पर बुलाया था
मड़ौली अग्निकांड में लेखपाल को लेकर नया खुलासा हुआ है। प्रधान ने बताया है कि लेखपाल गांव में हॉकी और रिवाल्वर लेकर आता था। उसने प्रधान को भी मौके पर बुलाया था, लेकिन वो नहीं गए थे।
विस्तार
कानपुर देहात में मड़ौली के चालहा गांव में अफसरों के सामने मां बेटी के जिंदा जलने की घटना में दोनों एसआईटी छानबीन में लगी है। एसआईटी ने प्रधान से भी जानकारी ली है। प्रधान ने बताया है कि घटना वाले दिन लेखपाल ने फोन पर अतिक्रमण व मलबा हटवाने जाने की जानकारी दी थी।
साथ ही, मौके पर बुलाया था लेकिन वह नहीं गए। फोन पर कहा था कि तुम मनमानी करते हो हम ब्लॉक में हैं और नहीं आएंगे। मड़ौली गांव के प्रधान मान सिंह ने कहा कि लेखपाल अशोक के रवैए से नाराजगी थी। वह मनमानी करता था। वह मनमानी कार्यवाही का विरोध करते थे।
इसी तरह के काम के विरोध में पूर्व में दो बार लेखपाल ने उनकी झड़प हो चुकी थी। बताया कि लेखपाल रिवाल्वर लगाकर और हॉकी गाड़ी में रखकर गांव आता था। मड़ौली की घटना वाले दिन लेखपाल ने दोपहर में फोन पर अवगत कराया था कि अतिक्रमण और मलबा हटाने कार्रवाई की जानी है।
लेखपाल बोला था- आप मौके पर आएं
उसने बोला था कि आप मौके पर आ जाए। लेकिन मैंने साफ मना कर दिया था कि आप मनमानी करते हो इसलिए मैं नहीं आऊंगा। मैं इस समय ब्लॉक कार्यालय में हूं। इसके बाद मड़ौली में मां बेटी के जलकर मरने की घटना हो गई। लेखपाल पर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
बता दें कि ग्राम समाज की जमीन से कब्जा हटाने के दौरान झोपड़ी में मां बेटी के जिंदा जलने संबंधी मामले की जांच के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने एसआईटी का गठन कर दिया है। कानपुर देहात के चालाहा गांव का प्रकरण तूल पकड़ता जा रहा है।
मां-बेटी की जलने से हुई थी मौत
दरअसल, इस गांव में ग्राम समाज की जमीन से प्रशासन की टीम कब्जा हटाने गई थी। इसी दौरान इस जमीन पर स्थित झोपड़ी में आग लग गई, जिसमें झोपड़ी बनाकर रह रहे गोपाल दीक्षित की पत्नी और पुत्री दोनों की इसमें जिंदा जलने से मौत हो गई।
मामले में दो एसआईटी कर रही हैं जांच
इस मामले में सरकार ने वहां के एसडीएम ज्ञानेश्वर प्रसाद और लेखपाल अशोक सिंह को निलंबित कर दिया है। साथ ही हत्या के आरोप में मुकदमा भी दर्ज किया गया है। इस मामले की जांच अब एसआईटी करेगी, जो एक शासन को रिपोर्ट देगी।