Kanpur: मंधना दशहरा मेला में मारपीट, कमेटी सदस्य को बेल्ट से पीटा…सिर फटा, तीन आरोपियों की तलाश
Kanpur News: बिठूर के मंधना दशहरा मेला ग्राउंड में झूले के टिकट को लेकर हुए विवाद में मेला कमेटी के सदस्य को कुछ युवकों ने बेल्ट से पीटकर सिर फोड़ दिया। पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।
विस्तार
बिठूर थाना क्षेत्र के मंधना दशहरा मेला ग्राउंड में देर रात कुछ युवकों ने मेला कमेटी के सदस्य अक्षत त्रिवेदी को बेल्ट से जमकर पीटा। मारपीट कर रहे एक युवक ने हाथ में पहना कड़ा अक्षत के सिर पर मार दिया, जिससे उसका सिर फट गया।
अक्षत त्रिवेदी ने बताया कि उनकी ड्यूटी मेले में झूले के पास शांति व्यवस्था बनाए रखने की थी। रात करीब नौ बजे नौरंगाबाद बिठूर निवासी राज ठाकुर, कपूरपुर शिवराजपुर निवासी अभिषेक यादव और दो अज्ञात युवक झूले वाले से एक ही टिकट पर बार-बार झूला झूलने के लिए बहस कर रहे थे।
रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश
अक्षत का आरोप है कि बीच बचाव करने पर युवकों ने उसे पीट दिया। अक्षत के साथ मेला कमेटी के सभी सदस्य मंधना चौकी पहुंचे, जहां अक्षत ने युवको के खिलाफ तहरीर दी। बिठूर पुलिस ने घायल अक्षत को मेडिकल के लिए भेजा। थाना प्रभारी बिठूर इंस्पेक्टर प्रेमनरान विश्वकर्मा ने बताया रिपोर्ट दर्ज कर आरोपियों की तलाश की जा रही है।