Kanpur: स्कूटी में बैठने से मना करने पर दो पक्षों में मारपीट और पथराव, पांच गिरफ्तार…जांच में जुटी पुलिस
Kanpur News: चमनगंज इंस्पेक्टर संजय राय ने बताया कि दोनों पक्षों में से किसी ने कोई तहरीर नहीं दी। एक पक्ष से इसराइल व उसका भाई आसिफ तो दूसरे पक्ष से मो. ताहिर उर्फ गोलू, फरमान व इमरान को गिरफ्तार कर कार्रवाई की जा रही है।
विस्तार
कानपुर के चमनगंज थानाक्षेत्र में शनिवार को स्कूटी में बैठने से मना करने पर दो पक्षों में गालीगलौज के बाद मारपीट हो गई। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर पथराव भी किया। घटना का सीसीटीवी फुटेज वायरल होने पर पुलिस ने पांच लोगों को गिरफ्तार किया।
फहीमाबाद कालोनी निवासी इसराइल की टुकनियापुरवा तिराहे के पास परचून की दुकान है। शनिवार देर शाम दुकान के बाहर साइड स्टैंड में लगी स्कूटी में मोहल्ले के तीन युवक बैठ गए। इसराइल ने स्कूटी से हट जाने की बात कही तो युवकों ने गालीगलौज शुरू कर दी।
एक-दूसरे पर ईंट-पत्थर चलाने लगे
विरोध पर दोनों पक्षों की तरफ से मारपीट हो गई। फिर दोनों पक्ष की तरफ से लोगों जुट गए और गालीगलौज करते हुए एक-दूसरे पर ईंट-पत्थर चलाने लगे। पथराव से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। कई वाहन भी क्षतिग्रस्त हो गए।
किसी ने कोई तहरीर नहीं दी
घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में आरोपी की करतूत कैद हो गई। चमनगंज इंस्पेक्टर संजय राय ने बताया कि दोनों पक्षों में से किसी ने कोई तहरीर नहीं दी। एक पक्ष से इसराइल व उसका भाई आसिफ तो दूसरे पक्ष से मो. ताहिर उर्फ गोलू, फरमान व इमरान को गिरफ्तार कर कार्रवाई की जा रही है।