Kanpur: डकैती के मुकदमे में भी दीनू-मनु की मांगी रिमांड, कोर्ट ने दोनों को किया तलब…जल्द होगा निर्णय
Kanpur News: विवेचक ने विवेचना के दौरान दीनू और मनु का नाम सामने आने की बात कहते हुए कोर्ट में प्रार्थना पत्र देकर दोनों को न्यायिक हिरासत में लेने की मांग की थी। इस पर कोर्ट ने कानपुर जेल में बंद मनु को बुधवार को, जबकि सोनभद्र जेल में बंद दीनू को नौ जुलाई को कोर्ट में तलब कर लिया है।
विस्तार
कानपुर में व्यापारी का अपहरण करने, रंगदारी वसूलने और डकैती डालने के मुकदमे में आरोपी अधिवक्ता धीरज उपाध्याय उर्फ दीनू और उसके भतीजे मनु उपाध्याय को न्यायिक हिरासत में लेने के लिए विवेचक ने सीजेएम कोर्ट में अर्जी दी है। इस पर कोर्ट ने कानपुर जेल में बंद मनु को बुधवार को, जबकि दीनू को सोनभद्र जेल से नौ जुलाई को कोर्ट में तलब किया है।
नवीन मार्केट स्थित कमाल फुटवियर के मालिक केशवनगर निवासी राकेश अरोड़ा ने 15 जून को कोतवाली में धीरज दुबे उर्फ ट्विंकल, नीरज दुबे उर्फ सोनू पंडित और 10-12 अज्ञात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी। इसमें कहा था कि दीनू उपाध्याय गैंग के सदस्य धीरज व नीरज अक्सर उसकी दुकान पर आकर बिना रुपये दिए सामान ले जाते थे।
कोर्ट ने दोनों को किया तलब
इन लोगों ने कहा कि दीनू ने दस लाख रुपये रंगदारी मांगी थी। न देने पर 17 सितंबर 2021 की रात दुकान पर आए और 64,500 रुपये लूट लिए। राकेश का अपहरण कर मारापीटा और हत्या की धमकी दी। किसी तरह वह जान बचाकर भाग निकला था। विवेचक ने विवेचना के दौरान दीनू और मनु का नाम सामने आने की बात कहते हुए कोर्ट में प्रार्थना पत्र देकर दोनों को न्यायिक हिरासत में लेने की मांग की थी। इस पर कोर्ट ने कानपुर जेल में बंद मनु को बुधवार को, जबकि सोनभद्र जेल में बंद दीनू को नौ जुलाई को कोर्ट में तलब कर लिया है।