Kanpur: डिप्टी सीएम बृजेश पाठक के आदेशों की अनदेखी, 17 घंटे देरी से हुआ महिला का पोस्टमार्टम, पढ़ें मामला
Kanpur News: कानपुर में दहेज प्रताड़ना से आत्महत्या करने वाली एक महिला का पोस्टमार्टम डॉक्टरों की लापरवाही के कारण नहीं हुआ। इसके बाद परिजनों की शिकायत पर सीएमओ के हस्तक्षेप से दूसरी डॉक्टर ने 17 घंटे देरी पोस्टमार्टम किया।
विस्तार
कानपुर में उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक के चार घंटे में पोस्टमार्टम करने के निर्देशों के बावजूद, डॉक्टरों का रवैया नहीं सुधार रहा है। डॉक्टरों की घोर लापरवाही के चलते आत्महत्या की हुई महिला का पोस्टमार्टम 17 घंटे के बाद हो सका है। शुक्रवार को दहेज प्रताड़ना से तंग आकर आत्महत्या करने वाली वाली कानपुर देहात भोगनीपुर निवासी मो. शहंशाह की बेटी नाजरीन का मामला है।
महिला का पोस्टमार्टम 17 घंटों तक महिला डॉक्टर के न आने के कारण अधर में लटका रहा। व्यवस्था से हारे परिजनों ने सीएमओ डॉक्टर हरिदत नेमी को फोन कर आपबीती बयां कि, जिसके बाद सीएमओ ने दूसरी महिला डॉक्टर को आनन–फानन में भेजा गया। अर्जुन ने बताया कि बुधवार की रात 10 बजे महिला की मौत हो गई थी उसके बाद शुक्रवार दोपहर 12 बजे के बाद उनका पोस्टमार्टम शुरू हो सका।
डॉक्टर के न आने से पोस्टमार्टम नहीं हो सका
परिजनों ने बताया कि 11 सितंबर की सुबह छह बजे शव मोर्चरी भिजवाया गया था। शाम पांच बजे पुलिस ने पंचायतनामा पोस्टमार्टम भिजवाया। पोस्टमार्टम हाउस में प्रभारी डॉक्टर नवनीत चौधरी ने बताया कि बिल्हौर सीएचसी में तैनात निदाराज गनी की पोस्टमार्टम हाउस में ड्यूटी थी, लेकिन वह गैरहाजिर हो गई। दोपहर 12 बजे तक डॉक्टर के न आने से पोस्टमार्टम नहीं हो सका।
सीएमओ के निर्देश पर डॉक्टर पहुंची थीं पोस्टमार्टम
उन्होंने कई बार डॉक्टर को फोन किया, लेकिन उन्होंने कॉल रिसीव नहीं किया। 17 घंटों तक पोस्टमार्टम न होने से परेशान परिजनों ने सीएमओ हरिदत्त नेमी को फोन कर घटना की जानकारी दी। इसके बाद सीएमओ के आदेश पर कल्याणपुर सीएचसी की डाॅक्टर वर्षा पोस्टमार्टम हाउस पहुंची। दोपहर दो बजे के बाद नाजरीन के शव का पोस्टमार्टम हुआ।