Kanpur Dehat: चाचा-भतीजे की हादसे में मौत, शादी का कार्ड बांटने जा रहे थे दोनों, गड्ढे में पड़े मिले थे शव
सीओ ने बताया कि प्रथम दृष्टया वाहन की टक्कर से हादसा होने व चाचा भतीजे की मौत होने की बात सामने आई है। देवीपुर चौकी इंचार्ज केपी सिंह ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
विस्तार
कानपुर देहात में भोगनीपुर कोतवाली क्षेत्र के हांसेमऊ-छतेनी गांव के बीच झांसी-कानपुर हाईवे पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार चाचा भतीजे खड्ड में जा गिरे। हादसे में दोनों की मौत हो गई। जेब में मिले आधार कार्ड व मोबाइल से मृतकों की पहचान हुई।
परिजनों के अनुसार जालौन के थाना आटा अकबरपुर इटौरा निवासी चाचा अपने बेटे की शादी के कार्ड बांटने के लिए भतीजे के साथ कानपुर जा रहे थे। हादसे की सूचना पर सीओ तनु उपाध्याय और कोतवाल अजयपाल सिंह ने पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच कर जांच की।
कानपुर-झांसी हाईवे पर भोगनीपुर कोतवाली क्षेत्र के हांसेमऊ-छतेनी गांव के बीच सड़क किनारे खड्ड में झाड़ियों के बीच गुरुवार की शाम बाइक समेत दो लोगों के शव पड़े दिखे। इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को हुई तो कोतवाल अजयपाल सिंह, देवीपुर चौकी इंचार्ज केपी सिंह मौके पर पहुंचे।
यहां एक व्यक्ति की जेब से मिले आधार कार्ड से उसकी पहचान जालौन के थाना आटा के अकबरपुर इटौरा निवासी ठाकुरदास (45) के रूप में हुई। वहीं, युवक की जेब में मिले मोबाइल नंबर से संपर्क करने पर उसकी पहचान अभिषेक उर्फ अभी (25) के रूप में हुई।
मौके पर एक हेलमेट पूरी तरह क्षतिग्रस्त मिला। इसके बाद पुलिस ने परिजनों से संपर्क कर हादसे की जानकारी दी। परिजनों ने बताया कि ठाकुरदास भतीजे अभिषेक के साथ बाइक से अपने बेटे बृजेश कुमार की शादी के कार्ड बांटने के लिए बुधवार की रात में ही कानपुर के लिए निकले थे। बृजेश की 25 जून को शादी होनी है।
वहीं, हादसे की जानकारी होने पर सीओ तनु उपाध्याय ने मौके पर पहुंच कर जांच की। सीओ ने बताया कि प्रथम दृष्टया वाहन की टक्कर से हादसा होने व चाचा भतीजे की मौत होने की बात सामने आई है। देवीपुर चौकी इंचार्ज केपी सिंह ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। कहा कि तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।