UP: हत्या या खुदकुशी का खूनी कनेक्शन? घर में किशोरी की गला रेतकर हत्या, पड़ोस में युवक का फंदे से लटका मिला शव
Kanpur Dehat News: मंगलपुर के अकारु गांव में किशोरी की गला रेतकर हत्या कर दी गई, जिसके ठीक बाद पड़ोस में रहने वाले युवक शिवपाल का शव फंदे से लटका मिला। पुलिस हत्या और आत्महत्या के इस रहस्यमयी संबंध की जांच कर रही है।
विस्तार
कानपुर देहात में मंगलपुर थाना क्षेत्र के अकारु गांव में मंगलवार सुबह एक किशोरी की गला रेतकर हत्या कर दी गई, जबकि पड़ोस में रह रहे युवक का शव फंदे पर लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने जांच शुरू कर दी है।
गांव निवासी सुभाषचंद्र की पुत्री वर्षा (15) मंगलवार सुबह घर में रक्तरंजित हालत में मृत मिली। उसका गला रेता गया था। वहीं पड़ोस में अपने मामा के यहां रह रहे शिवपाल (26) निवासी रामगढ़ सरैया, थाना दिबियापुर जनपद औरैया का शव फंदे पर लटका मिला।
किशोरी की हत्या के बाद लगाया फंदा
घटना की जानकारी होते ही गांव में भीड़ जुट गई। परिजनों और ग्रामीणों का कहना है कि युवक ने पहले किशोरी की हत्या की और बाद में खुद फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के समय वर्षा की मां ममता खेत पर गई थीं, जबकि पिता किसी रिश्तेदारी में गए थे।
दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
घर पर वर्षा अकेली थी। सूचना पर सीओ सौरभ वर्मा, थाना पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ सौरभ वर्मा ने बताया कि फॉरेंसिक टीम की मदद से जांच की जा रही है। घटना के सभी पहलुओं पर पड़ताल की जा रही है।