Kanpur Dehat: पुलिस से अभद्रता! आरोपी को पकड़ने पर थाने में पथराव, दो दरोगा समेत चार पुलिसकर्मी घायल
मंगलपुर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने कंजड़डेरा के सौरभ, कौदन व प्रेम के खिलाफ अश्लील हरकतें करने की शिकायत पुलिस से की थी। इस पर शुक्रवार की देर शाम दरोगा डोरी लाल पुलिस कर्मियों के साथ कंजड़डेरा में जांच करने गए थे।
विस्तार
कानपुर देहात में मंगलपुर थाना क्षेत्र के कंजड़डेरा में अश्लील हरकतें करने की शिकायत पर जांच करने पहुंचे पुलिस कर्मियों से कुछ लोगों ने अभद्रता की। इसकी जानकारी पर थाने से पहुंची पुलिस एक युवक को पकड़कर अपने साथ ले आई।
इसके बाद कंजड़डेरा से पहुंचे लोगों ने थाने में पथराव कर दिया। इससे दो दरोगा व हेडकांस्टेबल समेत चार को चोटें आईं। पथराव के दौरान थाने में भगदड़ मच गई। जानकारी पर सीओ डेरापुर ने कई थानों के फोर्स को मौके पर बुला लिया। इसके साथ ही डेरा में छापा मारकर 18 से अधिक को हिरासत में लिया है।
मंगलपुर थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी व्यक्ति ने कंजड़डेरा के सौरभ, कौदन व प्रेम के खिलाफ अश्लील हरकतें करने की शिकायत पुलिस से की थी। इस पर शुक्रवार की देर शाम दरोगा डोरी लाल पुलिस कर्मियों के साथ कंजड़डेरा में जांच करने गए थे।
उन्होंने जैसे ही शिकायत के बाबत पूछताछ शुरू की तो छुट्टी पर आया कंजड़डेरा निवासी चकर नगर इटावा थाने में तैनात कांस्टेबल संतोष पुलिस के साथ हाथापाई करने लगा। इस पर तो दरोगा डोरी लाल ने थाने से और फोर्स बुलाकर संतोष को पकड़ लिया और थाने ले आए।
इसके बाद पीछे से आए कंजड़डेरा के लोगों ने थाने में पथराव कर दिया। इससे दरोगा डोरीलाल और महिला दरोगा नेहा हेड, कांस्टेबल राजेश तथा एक अन्य घायल हो गए। घटना की सूचना पर सीओ डेरापुर रविकांत गौड़ ने डेरापुर व सिकंदरा पुलिस के साथ कंजड़डेरा में छापा मारा।
इस दौरान यहां से 18 से अधिक लोगों को हिरासत में लिया है। सीओ डेरापुर रविकांत गौड़ ने बताया कि थाने पर पथराव करने वालों की धरपकड़ की जा रही है। उन्होंने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर पुलिस जांच करने गई थी, जिसके बाद हमला किया गया।