रूबीना बनी रानी, फिर मचा बवाल: रुपयों के लालच में छिपाया धर्म, नाम बदलकर की शादी, तीन के खिलाफ केस दर्ज
प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार महिला व उसके दो सहयोगियों सहित तीन के खिलाफ धोखाधड़ी, धर्म छिपाकर गलत तरीके से विवाह कराने सहित अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मामले की जांच की जा रही है।
विस्तार
कानपुर देहात के डेरापुर में 48 हजार रुपये के लालच में एक महिला ने शादीशुदा व दूसरे धर्म से होने की बात छिपाकर कैरामऊ निवासी युवक से मंदिर में शादी कर ली। विदाई के समय रुपयों के बंटवारे को लेकर महिला व शादी कराने वाले दो युवकों के बीच विवाद हुआ तो इसका खुलासा हो गया।
इस पर पीड़ित युवक के भाई ने डेरापुर थाने में तीनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।थानाक्षेत्र के कैरामऊ निवासी संतोष कुमार ने बताया कि उसका भाई शिवपाल (38) ट्रक चालक है।
भाई की शादी नहीं होने पर उसने मिलने वाले पांडेपुर थाना आटा जनपद जालौन निवासी विक्रांत से बातचीत की थी। मई में विक्रांत अपने साथी रवींद्र निवासी करही थाना जरिया जनपद हमीरपुर को लेकर घर आया और रानी यादव नाम की युवती से शिवपाल की शादी कराने की बात कही।
इसके एवज में उसे 48 हजार रुपये देने के लिए कहा। इस पर उसने सहमत जताई। इसके बाद 27 जून को बिहारी गांव के हनुमान मंदिर में खास रिश्तेदारों के साथ शादी कराने की बात तय हो गई। मंगलवार को रवींद्र व युवती रानी मंदिर में पहुंचे और परिजनों की मौजूदगी शादी कर ली।
विदाई के दौरान 48 हजार रुपये के बंटवारे को लेकर रानी, विक्रांत व रवींद्र के बीच विवाद होने लगा। इसी बीच रानी ने पुलिस को सूचना दी कि शिवपाल ने उसके साथ जबरन शादी की, जबकि उसकी शादी हो चुकी है और तीन साल की बेटी भी है।
पुलिस पहुंची तो मामले में एक और खुलासा हुआ। पूछताछ में पता चला की शादी करने वाली युवती रानी मुस्लिम धर्म की है। उसका असली नाम रूबीना निवासी सैदपुर राठ जिला हमीरपुर है। इसके बाद संतोष ने रूबीना, विक्रांत और रवींद्र के खिलाफ थाने में तहरीर दी।
प्रभारी निरीक्षक विजय कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार महिला व उसके दो सहयोगियों सहित तीन के खिलाफ धोखाधड़ी, धर्म छिपाकर गलत तरीके से विवाह कराने सहित अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मामले की जांच की जा रही है। महिला को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।