Kanpur: सीएम ग्रिड…आठ माह में सिर्फ खोदे गड्ढे, सड़क एक न बनीं और फेज-एक में 18 माह में पूरा होना है निर्माण
Kanpur News: सीएम ग्रिड योजना फेज-एक के तहत आठ माह पहले शिलान्यास के बावजूद कर्रही रोड समेत पांचों सड़कों की हालत जर्जर बनी हुई है।18 माह की डेडलाइन में अब तक मात्र 25% काम ही हुआ है, गड्ढों और अधूरे निर्माण से राहगीर परेशान हैं।
विस्तार
कानपुर में सीएम ग्रिड योजना फेज-1 के तहत पांच सड़कों के निर्माण के लिए आठ माह पूर्व शिलान्यास कर दिया गया लेकिन आज भी खड़कें खस्ताहाल हैं। इसी योजना के अन्तर्गत कर्रही रोड निर्माण भी होना था। आज भी सड़क पर एक से डेढ़ फीट के गहरे अनगिनत गड्ढे हैं। इसकी वजह से राहगीर हिचकोले खाने को मजबूर हैं। यही हालत इस योजना के फेज-1 के तहत बन रहीं अन्य चार सड़कों की भी है। 18 माह की डेडलाइन होने के बावजूद अभी तक सिर्फ 25 प्रतिशत काम ही कराया जा सका।
शासन ने सीएम ग्रिड योजना फेज-1 और फेज-2 के तहत पांच-पांच सड़कों के निर्माण के लिए नगर निगम को दो-दो सौ करोड़ रुपये आवंटित किए हैं। फेज-1 के तहत नगर निगम ने छह से आठ महीने पहले एक-एक कर कर्रही रोड, यशोदानगर 80 फीट रोड, घंटाघर-ग्रीन पार्क चौराहा रोड, बाबाकुटी चौराहा से मार्बल मार्केट होते हुए किदवईनगर के-ब्लाॅक तक और कल्याणपुर बगिया क्राॅसिंग से केसा चौराहा रोड सड़क निर्माण के लिए शिलान्यास भी कराया। निर्माण पूरा करने की डेडलाइन 18 माह है पर अभी तक 25 प्रतिशत काम तक नहीं हुआ।
जलभराव की वजह से गड्ढे भी नहीं नजर आते
अमर उजाला ने बुधवार को इन सड़कों की पड़ताल की तो हकीकत सामने आई। सबसे खराब हालत बर्रा बाईपास को हमीरपुर रोड से जोड़ने वाली कर्रही रोड की है। बर्रा बाईपास से इस व्यस्त सड़क पर पहुंचते ही गड्ढे स्वागत करते नजर आते हैं। सबसे खराब हालत इस रोड में हमीरपुर रोड की तरफ है, जहां बड़े-बड़े अनगिनत गड्ढे हैं। इनमें वाहन सवार हिचकोले खाते हुए आने-जाने के लिए मजबूर हैं। क्षेत्रवासियों ने बताया कि आए दिन वहां ई-रिक्शे ऑटो गड्ढों में फंसते, पलटते रहते हैं। बारिश होने पर जलभराव की वजह से गड्ढे भी नहीं नजर आते, तब ज्यादा हादसे होते हैं। यह हालत कल्याणपुर बगिया क्राॅसिंग से केसा चौराहा रोड की है।
किसी भी स्थान पर निर्माण पूरा नहीं हुआ
इसमें गड्ढे नहीं बल्कि गड्ढों के बीच कहीं-कहीं ऊबड़-खाबड़ सड़क नजर आती है। इसी तरह गोपालनगर में महेंद्र पैलेस चौराहे से गुप्ता चौराहा और वहां से बसंत विहार चौराहे की तरफ 80 फीट रोड के दोनों तरफ सीवर लाइन बिछाने, नाला बनाने, यूटिलिटी डक्ट बनाने के लिए पांच महीने पहले कई जगह खोदाई कराई थी पर किसी भी स्थान पर निर्माण पूरा नहीं हुआ। इसी तरह बाबाकुटी के-ब्लाॅक रोड के लिए खोदाई की वजह से मार्बल मार्केट के दुकानदारों की दुकानदारी प्रभावित है। घंटाघर-ग्रीन पार्क रोड निर्माण के नाम पर सिविल लाइंस में खोदाई की गई है।