Kanpur: त्रिमूर्ति मंदिर के पास लूटी महिला से चेन, 50 कदम पर पुलिस कर रही पीस कमेटी की बैठक, तलाश जारी
Kanpur News: डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। आरोपियों की तलाश में तीन टीमें लगाई गई हैं।
विस्तार
कानपुर के चकेरी में मंगलवार शाम बेखौफ लुटेरे पुलिस को चुनौती देते हुए बैंककर्मी की पत्नी की चेन लूट ले गए। शातिरों ने चेन उस जगह लूटी जहां से महज 50 कदम दूर स्थित गेस्ट हाउस में पुलिस के बड़े अधिकारी बैठकर बकरीद पर अमन शांति रखने के लिए बैठक कर रहे थे। गेस्ट हाउस के बाहर काफी संख्या में पुलिस बल मौजूद था। इसके बावजूद लुटेरे फर्राटा भरते हुए चेन लूटकर भाग गए।
पीएसी मोड़ निवासी बैंककर्मी सत्येन्द्र सिंह की पत्नी छाया सिंह मंगलवार शाम को बेटी के साथ खरीदारी करने निकली। वह लाल बंगला के कर्मचारीनगर जाने के लिए ऑटो में बैठी। जीटी रोड पर त्रिमूर्ति मंदिर के पास चालक ने ऑटो को रोका। तभी पीछे से आए बाइक सवार दो युवकों ने ऑटो में किनारे की तरफ बैठी छाया के गले में झपट्टा मारकर चेन लूट ली।
फर्राटा भरते हुए भाग निकले आरोपी
इसके बाद बाइक सवार रामादेवी चौराहे की तरफ भाग निकले। छाया ने शोर मचाया तो मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। भीड़ देख कर कुछ पुलिसवाले भी मौके पर आए। कुछ लोगों ने आरोपियों का पीछा करने की कोशिश भी की, लेकिन शातिर गेस्ट हाउस के सामने से फर्राटा भरते हुए भाग निकले।
डीसीपी-एडीसीपी कर रहे थे बैठक
बैठक में डीसीपी पूर्वी, एडीसीपी पूर्वी, एसीपी चकेरी, कैंट समेत कई थानों का फोर्स भी था। लूट की सूचना पर आला अधिकारी पहुंचे और पीड़िता व आसपास के दुकानदारों से मामले की जानकारी ली। डीसीपी पूर्वी सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं। आरोपियों की तलाश में तीन टीमें लगाई गई हैं।