Kanpur: प्रसूता के नवजात की मौत के मामला, पति बोला- 18 घंटे तक टालते रहे, चार डॉक्टरों समेत पांच पर एफआईआर
Kanpur News: अनवरगंज स्थित मून स्टार अस्पताल में नवजात की मौत के मामले में कोर्ट के हस्तक्षेप के बाद चार डॉक्टरों और एक अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। परिजनों का आरोप है कि डॉक्टरों की लापरवाही, प्रसव में देरी और दुर्व्यवहार के कारण नवजात की जान गई।
विस्तार
कानपुर में अनवरगंज थाना क्षेत्र स्थित एक निजी अस्पताल में नवजात की मौत का मामला सामने आया था। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर चार डॉक्टरों और एक अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामला पांच मई का है। एफआईआर में डॉक्टरों पर चिकित्सकीय लापरवाही, मारपीट, गाली-गलौज, धमकी और नवजात की मौत का आरोप लगाया गया है।
बेकनगंज निवासी मोहम्मद इस्लाम ने दर्ज रिपोर्ट में बताया कि उनकी पत्नी रुबीना 38 सप्ताह की गर्भवती थीं। पांच मई की सुबह तबीयत बिगड़ने पर उन्हें अनवरगंज स्थित मून स्टार अस्पताल ले जाया गया। आरोप है कि डॉक्टरों ने सामान्य प्रसव का भरोसा देकर करीब 18 घंटे तक इंतजार कराया और इलाज के नाम पर 45 हजार रुपये भी जमा करा लिए।
गले पर फंदे जैसा निशान था
इसके बाद भी परिजनों को मरीज से मिलने नहीं दिया गया। आरोप है कि पुलिस के पहुंचने के बाद देर रात उन्हें ऑपरेशन के बाद मृत नवजात सौंपा गया, जिसके गले पर फंदे जैसा निशान था। उन्होंने इसे डॉक्टरों की घोर लापरवाही का परिणाम बताया। साथ ही आरोप लगाया कि विरोध करने पर डॉक्टरों ने गाली-गलौज और अभद्र व्यवहार किया।
कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज
पीड़ित का कहना है कि उन्होंने घटना के बाद थाना, पुलिस अधिकारियों और स्वास्थ्य विभाग से शिकायत की, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद न्यायालय की शरण लेने पर कोर्ट के आदेश से अनवरगंज पुलिस ने डॉक्टर पूनम, डॉक्टर रुचि राठौर, डॉक्टर यासिर, डॉक्टर ए.अनीस और एक अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।