Kanpur: कैंट बोर्ड ने दी 84 लाख के विकास कार्यों को मंजूरी, तीन नालों को टैप करने के प्रस्ताव को एनओसी
कानपुर शहर में कैंट बोर्ड की बैठक में विकास कार्यों पर चर्चा के बाद प्रस्तावों को मंजूरी दी गई। इसमें 17 कार्य शामिल है, जिनमें मरम्मत, हाई मास्ट लाइट, निर्माण आदि कार्यों के लिए 84 लाख रुपये की राशि खर्च की जाएगी।
विस्तार
कानपुर छावनी बोर्ड ने शुक्रवार को हुई बैठक में क्षेत्र में 84 लाख रुपये के 17 विकास कार्यों को मंजूरी दी है। इनमें कुछ कार्य मरम्मत के हैं, जबकि कुछ हाई मास्ट लाइट, सड़कों व नालों के निर्माण के लिए मंजूर किया गया है। दशहरा के चलते रामलीला मैदान में हाईमास्ट लाइट व दीवार और मेनगेट की मरम्मत की जाएगी।
इसके साथ ही बोर्ड ने सीधे गंगा में गिर रहे क्षेत्र के सत्ती चौरा, गौराघाट और मैस्कर घाट नाले को टैप कर डायवर्ट करने के लिए सीवरेज पंपिंग स्टेशन बनाने के जल निगम की गंगा प्रदूषण नियंत्रण इकाई के प्रस्ताव के लिए एनओसी जारी कर दिया है। इस प्रोजेक्ट के शुरू न होने से लगातार तीनों नालों से गंदा पानी सीधे गंगा में गिर रहा था।
इस पर एनजीटी ने खासी नाराजगी जताई थी। साथ ही निर्देश दिए थे कि इन नालों की जल्द से जल्द टैपिंग की जाए। इसी के बाद इकाई ने 61.5 करोड़ रुपये की लागत के छावनी क्षेत्र समेत शहर के कुल सात नालों को टैप करने के प्रस्ताव को तैयार किया था।
बैठक के दौरान हैरिसगंज प्राइमरी स्कूल की हेड मास्टर को प्रमोशन देने के साथ ही 29 पीआरडी जवानों की सेवाओं को 31 अगस्त 2023 तक 375 रुपये प्रतिदिन के हिसाब से सेवा विस्तार देने की मंजूरी दी। वहीं, जल संकट के दौरान पानी पहुंचाने के लिए 4.43 लाख रुपये से दो टैंकर खरीदे जाएंगे।
साथ ही, 4450 रुपये की दर से 85 विजिटयर चेयर खरीदने के अलावा विधायक निधि के जरिये छावनी क्षेत्र में होने वाले कार्य को कराने के लिए एनओसी दी। बैठक में सीईओ अमित गोयल, विधायक कैंट मोहम्मद हसन रूमी और लखन ओमर मौजूद रहे।
इन कार्यों को मिली मंजूरी
- काकोरी स्कूल से लगते खुले स्थान की चेन लिंक फेंसिंग
- बुनकर स्कूल से आजाद पार्क तक रोड निर्माण
- ब्रिगेड चौक, मानेकशा द्वार, रामलीला मैदान में हाईमास्ट लाइट
- शिव नारायण टंडन सेतु से फेथफुलगंज स्कूल तक लोहे की ग्रिल लगेगी
- बरातशाला एवं वोकेशनल सेंटर की मरम्मत
- ब्लॉक नंबर 109 के नजदीक इंटरलॉकिंग
- पेपर मार्केट की दुकानों की मरम्मत
- छोटा झखेरा में स्टाफ क्वार्टर की मरम्मत
- कैंट बोर्ड ऑफिस स्टाफ क्वार्टर कंपाउंड में मरम्मत
- स्टाफ क्वार्टर में जाली
- ब्लॉक नंबर 85 से पनचक्की चौराहा और फेथफुलगंज में पानी की लाइन शिफ्ट
- रामलीला मैछान के गेट और बाउंड्री की मरम्मत व पुताई