Kanpur: पांडु नदी पर 17.60 करोड़ से बनेगा पुल, तीन महीने में शुरू होगा निर्माण…दो साल है अवधि, मिलेगी राहत
Kanpur News: पांडु नदी पर 17.60 करोड़ की लागत से बनने वाले इस पुल से शिशुपुर और शाह के हजारों ग्रामीणों को कई किलोमीटर के चक्कर से मुक्ति मिलेगी और घाटमपुर-जहानाबाद कनेक्टिविटी बेहतर होगी।
विस्तार
कानपुर में शासन ने ग्राम शिशुपुर और शाह के बीच पांडु नदी पर पुल निर्माण के लिए स्वीकृति दी। नाबार्ड योजना के अंतर्गत इस पुल और आसपास की सड़क बनाने के लिए धन स्वीकृत किया गया है। सेतु निगम ने तीन महीने में निर्माण शुरू करने की योजना बनाई है। निर्माण अवधि दो साल निर्धारित की गई है। इससे बनने से रोज हजारों लोग लाभान्वित होंगे। उन्हें गंतव्य तक जाने के लिए कई किलोमीटर का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा।
सेतु निगम ने नाबार्ड योजना के तहत ग्राम शाह और शिशुपुर के बीच पांडु नदी पर दो लेन के पुल, पहुंच मार्ग, अतिरिक्त पहुंच मार्ग के निर्माण और सुरक्षात्मक कार्यों का प्रस्ताव वित्तीय वर्ष 2024-25 में शासन को भेजा था। निर्माण की अनुमानित लागत 17.60 करोड़ है। पुल की लंबाई 71.08 मीटर, इसके दोनों तरफ 200 मीटर-200 मीटर के पहुंच मार्ग, 1100 मीटर व 900 मीटर के अतिरिक्त पहुंच मार्ग बनेगा।
तीन महीने में निर्माण शुरू कराया जाएगा
इसके लिए जमीन भी अर्जित की जाएगी जिसकी अनुमानित लागत 4.16 करोड़ है। सेतु निगम के चीफ प्रोजेक्ट मैनेजर विजय कुमार सेन ने बताया कि इस पुल के बनने से ग्राम शिशुपुर की तरफ रामपुर मोड़ पर नर्वल से जहानाबाद मार्ग जुड़ेगा। इसी तरह पुल के दूसरी तरफ स्थित ग्राम शाह की तरफ घाटमपुर जाने वाले मार्ग पर जुड़ेगा। तीन महीने में निर्माण शुरू कराया जाएगा।
कई किलोमीटर का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा
पुल का निर्माण दो साल में पूरा कराया जाएगा। इससे आसपास के गांवों में आवागमन आसान होने के साथ ही इस क्षेत्र की घाटमपुर और जहानाबाद (फतेहपुर) से कनेक्टिविटी आसान हो जाएगी। वहां पांडु नदी के आसपास के गांव के लोगों को घाटमपुर या जहानाबाद जाने के लिए कई किलोमीटर का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा।
इन गांवों में आवागमन होगा आसान
शिशुपुर, नौगवा, शाह, वीरनखेड़ा, पुरईहार, जसरा, रंज, मालिनखेड़ा, केसरीपुरवा, भौंसली, कुढ़नी, मुसाफा आदि।