Kanpur: कागजों में हो रहा बायोरेमेडिएशन, पांडु-गंगा हो रहीं गंदी, कंपनी ने टैंक भरने वाले नौ कर्मियों को हटाया
Kanpur News: कानपुर में बायोग्रीन कंपनी बायोरेमेडिएशन के नाम पर करोड़ों डकार रही है, जबकि टैंक खाली होने से नालों का गंदा पानी सीधे नदियों में गिर रहा है।
विस्तार
कानपुर नगर निगम की ठेकेदार कंपनी गंदे नाले के पानी का केवल कागजों में बायोरेमेडिएशन कर रही है। इससे पांडु और गंगा नदियां लगातार प्रदूषित हो रही है। नगर निगम ने गंगा और पांडु नदी में गिर रहे 14 नालों के पानी को शोधित करने का ठेका बायोग्रीन कंपनी को करीब सात करोड़ रुपये का दिया है। कंपनी ने शोधन के लिए 25 टैंक लगाए हैं। नियमानुसार इन टैंकों में रोज विशेष तरह का रसायन डालना चाहिए।
इस रसायन में मौजूद बैक्टीरिया गंदगी अवशोषित करते रहते हैं। इस प्रकार शोधित पानी नदियों में प्रवाहित होना चाहिए पर वास्तव में ऐसा नहीं हो रहा। नगर निगम ने कंपनी को 17 अक्तूबर 2025 को दो करोड़ रुपये का भुगतान किया था। कंपनी ने 4.28 करोड़ रुपये के भुगतान के लिए नगर आयुक्त को पत्र लिखा है। अमर उजाला ने बुधवार को शाम 4:40 बजे गंदा नाला का निरीक्षण किया।
बिना शोधन के पांडु नदी में जा रहा था गंदा पानी
इसमें बायोरेमेडिएशन के नाम पर हो रही खानापूरी का खुलासा हुआ। शास्त्री चौक चौराहे के पास रखा गंदा नाला टैंक नंबर-एक खाली मिला जिसमें रसायन तो दूर पानी भी नहीं था। तली में सूखी काई की पपड़ी उखड़ रही थी जिससे कई दिन से रसायन न डाले जाने का संकेत मिला। केडीएमए स्कूल के आगे पुलिया के पास रखा टैंक नंबर-तीन भी सूखा मिला, जहां से गंदा पानी बिना शोधन के पांडु नदी में जा रहा था।
लगे टैंकों को भरने का कार्य तीन कर्मियों के जिम्मे
बायोग्रीन कंपनी ने शुरुआत में 25 टैंकों में रसायन भरने के लिए 12 कर्मी लगाए थे। मार्च 2026 में इनमें से आठ कर्मियों को हटा दिया गया। अब दक्षिणी क्षेत्र से पांडु नदी में गिर रहे नालों के किनारे लगे टैंकों को भरने का कार्य एक ही कर्मचारी कर रहा है। इसी तरह गंगा नदी में गिर रहे नालों के किनारे लगे टैंकों को भरने का कार्य तीन कर्मियों के जिम्मे है।
बायोरेमेडिएशन के नाम पर की जा रही गड़बड़ी की रेंडम चेकिंग कराऊंगा। रिपोर्ट के आधार पर कंपनी पर कार्रवाई की जाएगी। इससे पहले भी अमर उजाला में बायोरेमेडिएशन में कमियां उजागर होने पर बायोग्रीन कंपनी पर कार्रवाई की जा चुकी है। -अर्पित उपाध्याय, नगर आयुक्त