Kanpur: बाइक सवार बदमाशों ने महिला सिपाही से लूटा पर्स, पिकेट ड्यूटी को भनक तक नहीं लगी, CCTV खंगाल रही पुलिस
Kanpur News: सीसामऊ में ड्यूटी से घर लौट रही महिला सिपाही से बाइक सवार दो बदमाशों ने 10,000 नकद और दस्तावेजों से भरा पर्स लूट लिया। इससे क्षेत्र में पुलिस की गश्त पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
विस्तार
कानपुर में सीसामऊ थानाक्षेत्र के गांधीनगर इलाके में रविवार सुबह बाइक सवार बदमाशों ने महिला सिपाही का पर्स लूट लिया। पीड़ित महिला सिपाही ने आलाधिकारियों को जानकारी दी। इसके बाद तहरीर देकर बाइक सवार दो अज्ञात युवक के खिलाफ लूट की प्राथमिकी दर्ज कराई है। चमनगंज निवासी महिला सिपाही पिंकी पाल ने सीसामऊ थाने में दर्ज प्राथमिकी में बताया कि वह महिला थाना में कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर तैनात हैं।
रविवार सुबह रात्रि ड्यूटी खत्म करके अपने आवास चमनगंज लौट रहीं थीं। तभी गांधीनगर इलाके में रास्ते में पंचम पनीर वाले के पास बाइक से दो बदमाशों ने उनके हाथ से पर्स लूटा और भाग निकले। पीड़िता के अनुसार पर्स में 10 हजार रुपये नकद, ब्लूटूथ डिवाइस और अन्य जरूरी दस्तावेज रखे थे। पीड़िता के अनुसार, ये वारदात सुबह 6.45 से 6.55 के बीच की है। वारदात के बाद मामले की शिकायत सीसामऊ थाने में की।
सीसीटीवी की मदद से आरोपियों की तलाश
सीसामऊ थाना प्रभारी राकेश कुमार सिंह ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर सीसीटीवी की मदद से आरोपियों की तलाश की जा रही है। वारदात के बाद थाना पुलिस की निष्क्रियता की पोल खुल गई। असल में जिस स्थान पर वारदात हुई वहां से महज पांच सौ दूर गोपाल टॉकीज और प्रेमनगर चौराहा है। वहां पिकेट रहती है, लेकिन वारदात के समय वह लोग कहां थे, जो बदमाशों को नहीं पकड़ सके। सुबह के सन्नाटे में आरोपी फर्राटा भरकर भागने में सफल रहे। पुलिस वहां के सब्जी और दुकानदारों से पूछताछ कर रही है।