यूपी: कानपुर के राधिका अपार्टमेंट में लगी भीषण आग, महिला और बच्चे की मौत, तीन लोग झुलसे; आठ लोगों का रेस्क्यू
यूपी के कानपुर जिले के रामनारायण बाजार स्थित गणेश मंदिर वाली सकरी गली में स्थित पांच मंजिला अपार्टमेंट में आज सुबह आग लग गई। अग्निकांड में महिला और एक बच्चे की मौत हो गई। जबकि कई लोग झुलस गए हैं। छत से कूदने से घायल हुए लोगों और झुलसे लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
विस्तार
सूचना पर पहुंची दमकल की चार गाड़ियों ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर आठ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। इनमें चार लोगों को सांस लेने में दिक्कत और चोट लगने पर अस्पताल भेजा गया।
उपचार के दौरान राखी साहू (45) और प्रांजल बाथम (15) की मौत हो गई। वैभव गुप्ता और मीता बाथम का इलाज चल रहा है। यह घटना आज सुबह करीब 4:30 बजे गणेश मंदिर वाली सकरी गली में हुई।
अग्निशमन विभाग के अनुसार, सोमवार सुबह 4:54 बजे फजलगंज मिनी कंट्रोल रूम को 19/74 राधिका अपार्टमेंट में आग लगने की सूचना मिली। लाटूश रोड अग्निशमन केंद्र से दो गाड़ियां तत्काल रवाना की गईं। आग की भीषणता देखते हुए मुख्य अग्निशमन अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और कर्नलगंज समेत अन्य केंद्रों से अतिरिक्त गाड़ियां बुलवाई गईं। दमकलकर्मियों ने आग बुझाने के साथ ही ऊपरी मंजिलों पर फंसे लोगों को निकालने का काम शुरू किया।
जहरीले धुएं और अत्यधिक तापमान के बीच दमकलकर्मियों ने करीब दो घंटे तक मशक्कत की। आग को अन्य मंजिलों तक फैलने से रोकते हुए पूरी तरह बुझा दिया। इससे आसपास के आवासीय और व्यावसायिक भवनों को भी सुरक्षित बचा लिया गया।
पांच से छह फीट चौड़ी गली में बना अपार्टमेंट
जिस मकान में आग लगी, उसका नंबर 9/74 बताया गया है। यह पांच मंजिला अपार्टमेंट मात्र पांच से छह फीट चौड़ी गली में लगभग दो साल पहले बना था। इस इमारत में कुल 12 परिवार रहते थे। निकलने का एक ही सकरा रास्ता होने के कारण बचाव कार्य में काफी बाधा आई।
