Kanpur Accident: ट्रक ने बाइक सवारों को रौंदा…दो की मौत, शादी समारोह से लौटते समय हुआ हादसा, जांच शुरू
Kanpur News: पतारा कस्बे में ट्रक की टक्कर से बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई। शादी से मित्र के साथ लौटते समय हादसा हुआ है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
विस्तार
कानपुर के घाटमपुर में धरमपुर गांव से भांजे की बरात से मित्र के साथ बाइक से वापस लौट रहे बाइक सवार को भाठ गांव के सामने ट्रक रौंद कर भाग निकला। हादसे में दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। राहगीरों ने भाग रहे ट्रक का पीछा कर पकड़ लिया और पुलिस के सुपुर्द कर दिया।
शुक्रवार को धरमपुर गांव में भांजे जितेंद्र की शादी में शामिल होकर बरात विदा होने के बाद शनिवार को दोपहर धरमपुर गांव से बाइक सवार जगजीवन (45) निवासी कटरी थाना रेउना और उसका मित्र रमेश कुमार (60) निवासी धरमपुर कटरी वापस जा रहे थे।
दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत
जैसे ही कबरई रोड हाईवे पर भाठ गांव के पास पहुंचे, तभी कानपुर की ओर जा रहा ट्रक बाइक को रौंदकर भाग निकला। इससे दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। उधर, भाठ गांव के ग्रामीणों व राहगीरों ने हादसा कर भाग रहे ट्रक का पीछा कर हिरनी मोड़ के सामने से घेर कर ट्रक को पकड़ लिया।
शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है। चौकी इंचार्ज अनुज कुमार ने बताया कि ट्रक चालक व खलासी मौके से ट्रक खड़ा कर भाग गए हैं। दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। उन्होंने बताया कि तहरीर मिलने पर ट्रक चालक की तलाश कर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
परिजनों ने लगाया जाम
सूचना पर पहुंचे परिजनों ने जमकर हंगामा किया। पुलिस ने बॉडी हटा दी, तो परिजनों ने धरमपुर के सामने जाम लगा दिया। परिजनों को कहना है कि शवों को आने से पहले क्यों हटा दिया। इससे आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने कबरई रोड हाईवे पर जाम लगा दिया।