कानपुर हादसा: स्कूली बस और अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, दो युवकों की मौत, परिजनों में मचा कोहराम, जांच शुरू
Kanpur News: कानपुर में दो अलग-अलग भीषण सड़क हादसों में दो युवकों की अकाल मौत हो गई। स्वरूप नगर थाना क्षेत्र में जीटी रोड पर कैंसर अस्पताल के पास तेज रफ्तार स्कूली बस की चपेट में आने से काकादेव निवासी दूध कारोबारी की जान चली गई। वहीं, बिधनू के शंभुआ पुलिया के पास अज्ञात वाहन की जोरदार टक्कर से बाइक की मौत हो गई।
विस्तार
कानपुर में बुधवार को दो अलग-अलग सड़क हादसों में स्कूली बस और अज्ञात वाहन की टक्कर से दो युवकों की मौत हो गई। स्वरूप नगर में कैंसर अस्पताल के पास चारा लेने जा रहे दूध का व्यापार करने वाले ऋतुराज सिंह (36) की जान चली गई, जबकि बिधनू में बाइक सवार ब्रजेंद्र सिंह (20) ने दम तोड़ दिया।
स्वरूप नगर थानाक्षेत्र में जीटी रोड पर कैंसर अस्पताल के पास तेज रफ्तार स्कूली बस ने काकादेव के ओ ब्लॉक निवासी ऋतुराज सिंह उर्फ सोनू को कुचल दिया। वह चारा लेने जा रहे थे। गंभीर हालत में उन्हें हैलट ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। उनकी मौत से पत्नी राखी और दोनों बच्चे बेसुध हो गए।
स्वरूप नगर थाने में दर्ज कराई प्राथमिकी
ऋतुराज तीन भाइयों में सबसे बड़े थे। उनके भाई ने बस के नंबर के आधार पर चालक के खिलाफ स्वरूप नगर थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई है। उधर, बिधनू थानाक्षेत्र में बुधवार शाम शंभुआ पुलिया के पास तेज रफ्तार अज्ञात वाहन बाइक सवार ब्रजेंद्र सिंह को टक्कर मारकर भाग निकला।
तहरीर के आधार पर की जाएगी कार्रवाई
बांदा जिले के पैलानी क्षेत्र के डंडामऊ निवासी ब्रजेंद्र को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वह पिता के साथ गुजरात में नौकरी करते थे और तीन दिन पहले ही गांव लौटे थे। बुधवार शाम गल्लामंडी स्थित ननिहाल जाते समय हादसे का शिकार हो गए। बिधनू थाना प्रभारी तेज बहादुर सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।