Kanpur Accident: रोडवेज बस ने महंत को रौंदा…मौत, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा, परिजन बेहाल
Kanpur News: चकेरी थाना क्षेत्र में रोडवेज बस ने महंत को रौंद डाला। बेटा अपने पिता को आनन फानन हैलट लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
विस्तार
कानपुर में चकेरी थाना क्षेत्र के रामादेवी चौराहे पर शनिवार शाम मध्य प्रदेश में स्थित बागेश्वर धाम बेटे के साथ दर्शन करने जा रहे महंत को सड़क पार करते समय रोडवेज बस ने रौंद दिया। हादसे के बाद बेटा पिता को लेकर हैलट पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
गोंडा के थाना खरगूपुर लालनगर निवासी गोकुल प्रसाद पांडेय (70) गांव के एक शिव मंदिर के महंत थे। बेटे राकेश पांडेय ने बताया कि शनिवार को छोटे भाई दिनेश के साथ पिता पैरों का इलाज कराने रामादेवी आए थे। इलाज के बाद वह छोटे भाई के साथ छतरपुर स्थित बागेश्वर धाम जाने के लिए रामादेवी चौराहे पर पहुंचे थे।
तहरीर मिलने पर होगी अग्रिम कार्रवाई
दिनेश ने बताया कि वह पिता के साथ रेलवे स्टेशन जाने के लिए रोड पार कर रहे थे। तभी एक तेज रफ्तार रोडवेज बस ने उन्हें रौंद दिया। जानकारी पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम भिजवाया। चकेरी इंस्पेक्टर संतोष कुमार शुक्ला ने बताया कि तहरीर मिलने पर कार्रवाई की जाएगी।