{"_id":"68e6763572295028700194c8","slug":"kanpur-a-young-man-sleeping-under-a-bus-to-escape-the-rain-was-crushed-to-death-2025-10-08","type":"story","status":"publish","title_hn":"Kanpur: बारिश से बचने को बस के नीचे सोए युवक की कुचलने से मौत, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Kanpur: बारिश से बचने को बस के नीचे सोए युवक की कुचलने से मौत, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा
Wed, 08 Oct 2025 08:04 PM IST
शिखा पांडेय
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कानपुर
न्यूज डेस्क, अमर उजाला, कानपुर
Published by: शिखा पांडेय
Updated Wed, 08 Oct 2025 08:04 PM IST
सार
कूड़ा बीनने वाला युवक गोल चौराहे पर रात में बस के नीचे सो गया था। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बारिश से बचने के चक्कर में बस के नीचे लेटना एक युवक के लिए जानलेवा साबित हुआ। कूड़ा बीन कर जीवन यापन करने वाला यह युवक मंगलवार रात बारिश की बूंदों से बचने के लिए गोल चौराहा के पास खड़ी बस के नीचे जाकर सो गया था। देर रात में चालक ने बस आगे बढ़ाई तो वह पहियों के नीचे आ गया। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
विज्ञापन
स्वरूपनगर पुलिस के मुताबिक मृतक की पहचान अफीम कोठी स्थित बेबीदीन का हाता निवासी राम कुमार (45) के रूप में हुई है। वह कबाड़ बीनने के साथ-साथ मजदूरी कर जीवन यापन करता था। उसके माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है। परिवार में बड़ा भाई विजय है। विजय ने बताया कि करीब दस साल पहले राम कुमार घर छोड़कर अलग हो गया था। कभी -कभी मिलने आता था, पिछले आठ महीनों से नहीं आया था। रोज की तरह सोमवार को भी राम कुमार ने दिनभर मेहनत की और रात गोल चौराहा पर बिताने पहुंचा था।
विज्ञापन
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वह चबूतरे पर लेटा हुआ था, तभी देर रात बारिश होने लगी। भीगने से बचने के लिए वह पास में खड़ी बस के नीचे जाकर सो गया। नींद में उसे पता ही नहीं चला कि कब चालक बस लेकर निकल पड़ा। घटना की जानकारी पर पुलिस पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। स्वरूप नगर थानाप्रभारी सूर्यबली पांडेय ने बताया कि आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे हैं, ताकि बस और उसके चालक की पहचान की जा सके।
विज्ञापन
