कानपुर: दीपावली पर जगमगाएंगे 33 प्रमुख बाजार, नगर आयुक्त ने दिए सख्त निर्देश, मिलेंगी ये आधुनिक सुविधाएं
Kanpur News: दीपावली के अवसर पर खरीदारी करने वाले नागरिकों को सुगम और बेहतर सुविधाएं देने के लिए नगर निगम ने शहर के 33 प्रमुख बाजारों को संवारने की बड़ी तैयारी की है। नगर आयुक्त अर्पिथ उपाध्याय ने सभी छह जोनों के अधिकारियों को निर्देश जारी कर एक सप्ताह के भीतर बाजारों में प्रकाश व्यवस्था, पैचवर्क, गड्ढमुक्ति, सफाई, कीटनाशक छिड़काव और अतिक्रमण हटाने के कड़े निर्देश दिए हैं।
विस्तार
कानपुर में दीपावली पर खरीदारी में शहरियों को कोई दिक्कत न हो, इसके लिए नगर निगम ने शहर के 33 बाजारों में व्यवस्थाएं चाकचौबंद करने की तैयारी की है। नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने विभागों को निर्देश जारी किए हैं कि एक सप्ताह में ये बाजार इस तरह व्यवस्थित किए जाएं कि नागरिक सुविधाओं से जुड़ी कोई कमी न रहे।
नगर आयुक्त ने सभी छह जोन को पत्र जारी किया है। इसके तहत चयनित 33 बाजारों में 190 वॉट की लाइटें लगाने, तिरंगा झालर, फुटपाथ की टूटफूट सहीं करने, गड्ढे भरने और सड़क बनाने जैसे कार्य किए जाएंगे। साथ ही साफ-सफाई, चूना व कीटनाशक छिड़काव के काम भी होंगे। जाम से निजात के लिए अतिक्रमण भी हटाया जाएगा।
मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी भी दी गई
इसके लिए शुक्रवार से ही कार्य शुरू कराना था लेकिन बारिश की वजह से इसे रविवार तक टाल दिया गया। अब सोमवार से नगर निगम के सभी संबंधित विभाग अपने-अपने स्तर पर इन बाजारों में युद्धस्तर पर कार्य शुरू करेंगे। नगर आयुक्त अर्पित उपाध्याय ने बताया कि कार्यों की मॉनिटरिंग की जिम्मेदारी भी दी गई है, ताकि कोई लापरवाही न बरत सके।
ये बाजार संवारे जाएंगे
सिविल लाइंस मुख्य स्थल, बिरहाना रोड, एक्सप्रेस रोड हूलागंज, कलक्टरगंज, मेस्टन रोड शिवाला, परेड, नवीन मार्केट, जनरलगंज, श्याम नगर चौकी के पास, हरजिंदर नगर चौराहा, एसआईटी ग्राउंड, वीआईपी रोड, लाल बंगला, आवास विकास परिषद, आयुर्वेदिक मैदान किदवई नगर, बारादेवी चौराहा, मोतीझील, सीसामऊ बाजार पीरोड, दबौली, गोविंदनगर, गुमटी नंबर-5, चावला मार्केट, विद्यार्थी मार्केट, बर्रा, रावतपुर, शास्त्री नगर, विजय नगर, मसवानपुर, कल्यानपुर मार्केट आदि।