कन्नौज: युवक की संदिग्ध बुखार से मौत, पांच दिन पहले बिगड़ी थी तबीयत, कानपुर लाते समय तोड़ा दम, परिजन बेहाल
Kannauj News: गुजरात के अहमदाबाद में एक निजी कंपनी में कार्यरत सौरिख थाना क्षेत्र के शिवसिंहपुर गांव निवासी हिमांशु पाल की संदिग्ध बुखार और खूनी दस्त के बाद इलाज के लिए कानपुर लाते समय रास्ते में मौत हो गई।
विस्तार
कन्नौज जिले में सौरिख थाना क्षेत्र के ग्राम शिवसिंहपुर निवासी एक युवक की अहमदाबाद में अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद इलाज के लिए लाते समय रास्ते में मौत हो गई। शुक्रवार सुबह जैसे ही युवक का शव गांव पहुंचा, परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
गांव शिवसिंहपुर निवासी ब्रह्मपाल का 22 वर्षीय पुत्र हिमांशु पाल गुजरात के अहमदाबाद में एक निजी कंपनी में नौकरी करता था। परिजनों के अनुसार, करीब पांच दिन पहले उसे अचानक तेज बुखार आया था। इसके बाद उसे गंभीर रूप से खूनी दस्त की शिकायत हो गई।
रास्ते में ही थम गईं सांसें
अहमदाबाद में प्राथमिक उपचार के बाद भी हालत में सुधार न होने पर चिकित्सकों ने उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर कर दिया। परिजन उसे लेकर कानपुर आ रहे थे, लेकिन रास्ते में ही हिमांशु की सांसें थम गईं और उसने दम तोड़ दिया। इससे परिजनों में कोहराम मच गया।
बुझ गया परिवार का सहारा
शुक्रवार सुबह जब युवक का पार्थिव शरीर गांव पहुंचा, तो पूरे गांव में मातम छा गया। हिमांशु अपने घर का बड़ा बेटा था और मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण कर रहा था। उसकी असमय मौत से मां शोभा देवी का रो-रोकर बुरा हाल है। भाई सुधांशु (15), विमल (12), बहन श्वेता (18) और बीनू (14) रो-रोकर बेसुध हो गए।