कन्नौज: लापता किशोरी के परिजनों ने एसपी कार्यालय में किया आत्मदाह का प्रयास
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कन्नौज जिले में लापता बेटी का सुराग न मिलने और आरोपियों की धमकी से आहत परिवार ने एसपी कार्यालय पहुंच कर आत्मदाह का प्रयास किया। परिजनों को शांत कराकर एसपी ने किशोरी की तत्काल खोजबीन और आरोपियों की गिरफ्तारी का आश्वासन दिया। सदर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव निवासी किसान ने 15 मई को कपूरापुर निवासी अरुण कुमार, उसकी मौसी के लड़के छोटू, मां बिटान देवी, अजय कुमार दोहरे और राजीव कुमार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई थी।
इसमें बताया कि 14 मई को अरुण अन्य आरोपियों के सहयोग से उसकी 15 वर्षीय बेटी को बहला-फुसला कर ले गया। बुधवार को पीड़ित किसान, पत्नी और बच्चों के साथ एसपी कार्यालय पेट्रोल लेकर पहुंच गया। इंसाफ न मिलने पर पेट्रोल छिड़क कर परिवार के साथ आत्मदाह की बात कही। इससे अफरा-तफरी मच गई। मौजूद पुलिस कर्मियों ने पेट्रोल से भरी कट्टी छीनकर एसपी प्रशांत वर्मा को मामले की जानकारी दी। एसपी ने पीड़ित परिवार से बात की।
किसान ने बताया कि उसकी बेटी का अब तक पता नहीं लगा है। आरोपी परिवार को झूठे केस में फंसाने की धमकी दे रहे हैं। एसपी ने सदर कोतवाल आलोक कुमार दुबे को किशोरी को खोजकर आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए। इसके बाद एसपी ने पीड़ित परिवार को जीप से घर भेजा।
दो किशोरियों के अपहरण का है प्रकरण
15 वर्षीय किशोरी और उसकी 14 वर्षीय सहेली का आरोपियों ने पांच मई को अपहरण कर लिया था। फर्रुखाबाद जीआरपी ने दोनों को दिल्ली जाते समय ट्रेन से खोज निकाला था और परिजनों को सौंप दिया था। 14 मई को आरोपी 15 वर्षीय किशोरी को फिर से बहला-फुसला कर साथ ले गए।
किशोरी को गायब करने में मदद करने वाला आरोपी अजय दोहरे पूर्व सदर विधायक अनिल दोहरे का साला है। पुलिस उसकी तलाश में दबिश दे रही है। पूर्व विधायक ने बताया कि चुनावी रंजिश के चलते कुछ लोग उनके साले को झूठा फंसा रहे हैं। पुलिस निष्पक्ष मामले की जांच कर कार्रवाई करे।
पेट्रोल की कट्टी देख भाग निकलीं पुलिसकर्मी
एसपी कार्यालय में परिवार के साथ पीड़िता की मां प्लास्टिक की कट्टी में पेट्रोल लेकर पहुंची। इसकी भनक लगते ही मौके पर एलआईयू की टीम पहुंच गई। वहां तैनात महिला पुलिसकर्मियों ने पेट्रोल देखा तो झुलसने के डर से सभी भाग खड़ीं हुईं।