Kannauj Murder: प्रेम प्रसंग के शक में पत्नी की नृशंस हत्या, पति ने ईंट-चाकू से मारा…कूड़े के ढेर में छिपाया शव
Kannauj News: इंदरगढ़ थाना क्षेत्र में पति ने प्रेम प्रसंग के शक में पत्नी की हत्या कर दी। इसके बाद शव को कूड़े में ढेर में छिपा दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।
विस्तार
कन्नौज जिले के इंदरगढ़ थाना क्षेत्र क़े कचाटीपुर गांव में प्रेम प्रसंग के शक में एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। गांव निवासी रजनीकांत नामक युवक ने अपनी पत्नी बबली (30) की निर्मम हत्या कर दी। इसके बाद शव को घर के पीछे लगे कूड़े के ढेर में छिपा दिया। हत्या का खुलासा तब हुआ, जब महिला के ससुर गन्नी ने शनिवार को बहू की गुमशुदगी की रिपोर्ट इंदरगढ़ थाने में दर्ज कराई।
गुमशुदगी की जांच में जुटी पुलिस ने महिला के मोबाइल की कॉल डिटेल खंगाली, तो पति रजनीकांत पर शक गहराया। पुलिस ने जब रजनीकांत से पूछताछ की, तो उसने शुक्रवार रात पत्नी की हत्या की बात कबूल ली। आरोपी ने बताया कि पत्नी पर किसी अन्य व्यक्ति से प्रेम संबंध होने का शक था। इसी शक के चलते दोनों के बीच कहासुनी हुई और विवाद बढ़ गया।
शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा
इस दौरान गुस्से में आकर उसने ईंट और चाकू से वार कर बबली की हत्या कर दी। इसके बाद शव को घर के पीछे कूड़े के ढेर में छिपा दिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटना की सूचना पर पहुंचे मृतका के भाई शिवकुमार ने आरोपी रजनीकांत और उसके जीजा सुरेंद्र (निवासी बग्गी गांव, थाना ठठिया) के खिलाफ तहरीर दी है।
आरोपी से पूछताछ जारी
थानाध्यक्ष पारुल चौधरी ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। हत्या के पीछे के कारणों की जांच की जा रही है। आरोपी से पूछताछ जारी है। गांव में हुई इस वारदात के बाद क्षेत्र में सनसनी फैल गई है और ग्रामीणों में भय व आक्रोश का माहौल है। वहीं, ग्रामीणों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं भीं होती रहीं।