Kannauj: गैस एजेंसी रेलवे क्रॉसिंग का फाटक खराब, आधा खुला और आधा बंद रहा, घंटों जाम में बिलबिलाते रहे लोग
Kannauj News: कन्नौज के गैस एजेंसी रेलवे क्रॉसिंग पर तकनीकी खराबी के चलते फाटक बीच में ही फंस गया। इसके कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और घंटों तक यातायात बाधित रहा।
विस्तार
कन्नौज जिले में शहर के व्यस्ततम इलाकों में शुमार गैस एजेंसी रेलवे क्रॉसिंग पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब ट्रेन गुजरने के बाद रेलवे फाटक तकनीकी खराबी के कारण फंस गया। इस तकनीकी खामी की वजह से फाटक का एक हिस्सा तो ऊपर उठ गया, लेकिन दूसरा पाइप नीचे ही अटका रह गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, रेलवे लाइन से ट्रेन गुजरने के बाद जब गेट खोलने की बारी आई, तो फाटक में तकनीकी दिक्कत आ गई। रेलवे कर्मचारी ने काफी देर तक कड़ी मशक्कत की और गेट को मैन्युअल तरीके से भी खोलने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिली। फाटक न खुलने के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।
सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें
देखते ही देखते मौके पर भारी जाम की स्थिति उत्पन्न हो गई। लोग घंटों तक फाटक खुलने का इंतजार करते नजर आए। स्थानीय लोगों का कहना है कि इस क्रॉसिंग पर अक्सर तकनीकी समस्याएं आती रहती हैं, जिससे आम जनता को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। रेलवे फाटक में तकनीकी कमी आने का मामला देर रात का बताया जा रहा है।