कन्नौज मर्डर: खेत में मिला वृद्धा का शव, पति ने कबूला जुर्म, कहा- बच्चों से पिटवाती थी...तो मार डाला, गिरफ्तार
Kannauj News: इंदरगढ़ थाना क्षेत्र के लाख गांव के पास खेत में वृद्धा का खून से लथपथ शव मिलने की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। पूछताछ के दौरान मृतका के पति ने हत्या की बात स्वीकार करते हुए बताया कि उसकी पत्नी उसे बच्चों से पिटवाती थी, जिससे तंग आकर उसने खेत में ही उसकी हत्या कर दी।
विस्तार
कन्नौज जिले के इंदरगढ़ थाना क्षेत्र के लाख गांव के पास खेत में मिले 53 वर्षीय वृद्धा के खून से लथपथ शव के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। शुरुआती जांच-पड़ताल और पति से कड़ाई से की गई पूछताछ में सामने आया कि किसी और ने नहीं बल्कि मृतका के पति रामवीर ने ही उसकी हत्या की थी।
आरोपी पति ने पुलिस के सामने जुर्म कबूल करते हुए बताया कि उसकी पत्नी उसे बच्चों से पिटवाती थी, जिससे आजिज आकर उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, लाख गांव निवासी राधा (53) पत्नी रामवीर बुधवार शाम को रोज की तरह घर से लकड़ियां बीनने के लिए निकली थीं।
खेत में पड़ा मिला था शव
इसके बाद उनका खून से लथपथ शव गांव के ही निवासी इंद्रपाल के खेत में पड़ा मिला था। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और साक्ष्य संकलन शुरू किया। मृतका के शरीर पर चोट के निशानों को देखकर पहले ही हत्या की आशंका जताई जा रही थी।
पति ने कबूला गुनाह
पुलिस ने मृतका के पति रामवीर को हिरासत में लेकर पूछताछ की, तो उसकी कहानी से पर्दा उठ गया। रामवीर ने पुलिस को बताया कि उसकी पत्नी का रवैया ठीक नहीं था और वह उसे बच्चों से पिटवाती थी। इस बात से वह लगातार मानसिक तनाव और प्रताड़ना का शिकार हो रहा था। इसी खुन्नस के चलते उसने खेत में ही पत्नी की हत्या कर दी।