Kannauj Accident: आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, ट्रक के पीछे से टकराई बस, चालक समेत आठ यात्री घायल
Kannauj News: तालग्राम कोतवाली क्षेत्र में शुक्रवार सुबह दिल्ली से गोरखपुर जा रही एक बस आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। हादसे में चालक समेत कुल आठ यात्री घायल हुए हैं, जिन्हें तिर्वा राजकीय मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में ले लिया है।
विस्तार
कन्नौज जिले के तालग्राम कोतवाली क्षेत्र में दिल्ली से 45 सवारियों को लेकर गोरखपुर जा रही बस मुंडाला गांव के पास ट्रक के पीछे जा टकराई। हादसे में चालक समेत आठ सवारियां घायल हो गई। चालक ट्रक छोड़ मौके से भाग गया। जिला मेरठ थाना सदर अंतर्गत समर कॉलोनी निवासी इंतजार पुत्र इस्लाम दिल्ली से सवारियों को लेकर गोरखपुर जा रहा था।
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे क्षेत्र मुंडाला गांव के पास शुक्रवार सुबह करीब साढ़े चार चालक को झपकी आने के कारण बस आगे जा रहे ट्रक के पीछे जा टकराई। झटका लगने से कुछ सवारियां एक दूसरे की सीट पर उछल कर जा गिरी चीख-पुकार मच गई। चालक बस की केबिन में फंस गया। काफी मशक्कत के बाद निकाला जा सका।
ये लोग हुए हैं घायल
वहीं, हादसे में जिला संतकबीरनगर के थाना दुधार अंतर्गत बूढी बलार निवासी शिवम 15), सुनीता (40), गोरखपुर थाना एमएस अंतर्गत भैरोपुर कोडागण निवासी अभिषेक (19), मनीपुर निवासी सौभाग्य (25), कर्नाटक के जिला सेलम अंतर्गत सेलापुर निवासी गोकुल (25) समेत आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
घायलों को राजकीय मेडिकल कॉलेज भेजा
सूचना पर यूपीडा सुरक्षा अधिकारी मनोहर सिंह सहायक सुरक्षा अधिकारी राजेंद्र प्रसाद कनौजिया, थाना प्रभारी रंजना पांडेय मौके पर पहुंची। घायलों को एंबुलेंस से राजकीय मेडिकल कॉलेज तिर्वा भेजा गया। एटलस रिकवरी क्रेन से ट्रक और क्षतिग्रस्त कार को थाने खड़ा करा दिया गया है। थाना प्रभारी ने बताया कि घायलों को अस्पताल भेजा गया। बस और ट्रक को थाने खड़ा करा दिया गया है।