उरई: कंटेनर में घुसी झांसी डिपो की रोडवेज बस, चालक-परिचालक समेत आठ घायल
Orai News: झांसी-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार दोपहर आटा थाना से करीब 20 मीटर पहले आगे चल रहे कंटेनर में पीछे से झांसी डिपो की रोडवेज बस जा घुसी। हादसे में बस चालक और परिचालक समेत आठ यात्री घायल हो गए। टक्कर के बाद बस में चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोगों ने घायलों को बस से बाहर निकाला।
विस्तार
सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को एंबुलेंस से मेडिकल कॉलेज उरई भेजा। मंगलवार को कंटेनर उरई से कानपुर की ओर जा रहा था। उसके पीछे झांसी डिपो की रोडवेज बस भी इसी दिशा में जा रही थी। आटा थाने के पास अचानक कंटेनर के सामने बकरी आ गई। उसे बचाने के प्रयास में कंटेनर चालक ने अचानक ब्रेक लगा दिए। पीछे चल रही रोडवेज बस का चालक बस को नियंत्रित नहीं कर सका और बस कंटेनर के पिछले हिस्से में जा भिड़ी।
आठ यात्री घायल, मेडिकल कॉलेज भेजे गए
हादसे में विजय निवासी कोच, संतोष कुमार निवासी मुसानगर, भानु निवासी झांसी, मोहित निवासी हरदोई, नरेंद्र निवासी पटेल नगर उरई, प्रतिज्ञा निवासी फलमंडी कानपुर देहात, संजय गुप्ता निवासी गणेशगंज कालपी और रामकिशोरी घायल हुए हैं।
सभी को उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज उरई भेजा गया। पुलिस के मुताबिक रोडवेज बस का चालक भी हादसे में घायल हुआ था, लेकिन उपचार के लिए भेजे जाने से पहले वह मौके से चला गया। बस के परिचालक के घायल होने की भी जानकारी दी गई है।
कंटेनर चालक हिरासत में
पुलिस ने कंटेनर चालक को हिरासत में ले लिया है। हादसे के बाद रोडवेज बस और कंटेनर को कब्जे में लेकर थाना परिसर में खड़ा करा दिया गया। बस में सवार अन्य यात्रियों को दूसरी रोडवेज बस से उनके गंतव्य के लिए रवाना किया गया। हादसे के कारण हाईवे पर कुछ देर यातायात प्रभावित रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर यातायात को व्यवस्थित कराया। घटना के बाद मौके पर शांति व्यवस्था कायम रही। पुलिस मामले की जांच कर रही है।