Jalaun: वीडियो वायरल करने की धमकी देकर युवती से सामूहिक दुष्कर्म, पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की
Jalaun News: पीड़िता के परिजनों ने बताया कि 21 सितंबर को समीर ने धमकी देकर उनकी बेटी को घर बुलाया। मौसी के लड़के कल्लू व मन्नू के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया।
विस्तार
जालौन जिले के आटा थाना क्षेत्र में नशीला पदार्थ खिलाकर युवक ने युवती से दुष्कर्म किया। उसका अश्लील वीडियो भी बना लिया। वीडियो वायरल करने की धमकी देकर कई बार खुद और मौसेरे भाइयों के साथ दुष्कर्म किया। शुक्रवार को युवती के पिता की तहरीर पर दुष्कर्म सहित अन्य धाराओं में सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
आटा थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवती के पिता ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी बेटी को समीर ने 29 फरवरी 2024 को अपने घर बुलाकर मिष्ठान में दवा खिलाकर अचेत कर दिया। इसके बाद उसके साथ दुष्कर्म किया और वीडियो बना लिया। इसके बाद से समीर वीडियो वायरल करने की धमकी देकर दुष्कर्म करने लगा। जब उसे जानकारी हुई तो वह गांव छोड़कर परिवार सहित दिल्ली चला गया।
धमकी देकर बेटी को घर बुलाया
इसके बाद समीर ने दिल्ली से फोन कर उनकी बेटी को वीडियो वायरल करने की धमकी दी। इस पर उनकी बेटी दिल्ली से गांव लौट आई। 21 सितंबर को समीर ने धमकी देकर उनकी बेटी को घर बुलाया। मौसी के लड़के कल्लू व मन्नू के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। बेटी ने घर आकर जब उसे अपने साथ हुई घिनौनी हरकत की जानकारी दी, तो उसने युवक के घर जाकर पूछताछ की।
आरोपियों की तलाश में जुटी पुलिस
इस पर युवक व उसका भाई दिलशाद, मां रेशमा, व मौसी साहीन, मामा भूरा ने गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद उसकी पुत्री ने फंदा लगाकर आत्महत्या करने का प्रयास किया, लेकिन मोहल्ले के लोगों ने किसी तरह उसे बचा लिया। पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्जकर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है। सीओ एके सिंह का कहना है कि रिपोर्ट दर्जकर आरोपियों की तलाश की जा रही है।