Jalaun: आधी रात को गूंजी गोलियां, मुठभेड़ में दो शातिर घायल, एक को पुलिस ने पीछा कर दबोचा, ये सामान बरामद
Jalaun News: रामपुरा थाना क्षेत्र में पुलिस और एसओजी/सर्विलांस टीम ने देर रात संयुक्त कार्रवाई करते हुए मुठभेड़ के दौरान दो शातिर बदमाशों को गोली लगने से घायल कर दिया, जबकि उनके एक साथी को खदेड़ कर दबोच लिया। आरोपियों के पास से अवैध असलहे, चोरी का सामान, नकदी और मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
विस्तार
जालौन जिले में रामपुरा थाना पुलिस और एसओजी/सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्रवाई में शुक्रवार-शनिवार की देर रात पुलिस मुठभेड़ के दौरान दो शातिर बदमाश गोली लगने से घायल हो गए, जबकि उनका एक साथी पुलिस ने पीछा कर गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के कब्जे से चोरी का सामान, अवैध तमंचे, कारतूस, नकदी, चोरी के औजार और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है।
पुलिस के अनुसार थाना क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं के खुलासे के लिए थाना प्रभारी निरीक्षक शिव प्रकाश सिंह के नेतृत्व में विशेष अभियान चलाया जा रहा था। शुक्रवार रात करीब 11 बजे मुखबिर से सूचना मिली कि तीन संदिग्ध युवक पुरानी एचएफ डीलक्स बाइक से रामपुरा-निनावली रोड पर घूम रहे हैं। सूचना पर एसओजी/सर्विलांस प्रभारी उपनिरीक्षक रिंकू चौधरी अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय पुलिस के साथ मिलकर निनावली मार्ग पर घेराबंदी कर दी।
पुलिस टीम पर कर दी फायरिंग
करीब 11:45 बजे निनावली पुल की ओर से आ रही मोटरसाइकिल को पुलिस ने रुकने का इशारा किया, लेकिन बदमाश भागने लगे। इसी दौरान एक आरोपी खेतों की ओर भागा, जिसे पुलिस ने पीछा कर दबोच लिया। वहीं बाइक पर सवार दो अन्य बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। आत्मरक्षा में पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें दोनों बदमाश घायल हो गए। फायरिंग रुकने के बाद पुलिस ने तलाशी ली तो दोनों आरोपी घायल अवस्था में मिले।
तीनों पर कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं
घायल बदमाशों की पहचान बृजेंद्र राजपूत निवासी बिलगांव पथरिया डेरा थाना जलालपुर, जनपद हमीरपुर तथा विवेक राजपूत उर्फ इक्का निवासी खड़ेही लोधन थाना मुस्करा, जनपद हमीरपुर के रूप में हुई। गिरफ्तार तीसरे आरोपी की पहचान सोनू यादव निवासी थाना चरखारी, जनपद महोबा के रूप में हुई। पुलिस के अनुसार तीनों के विरुद्ध विभिन्न थानों में कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
ये सामान हुआ बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे, तीन जिंदा कारतूस, चार खोखा कारतूस, 12 हजार रुपये नकद, तीन मोबाइल फोन, एक कटर, पेचकस, प्लास, एक थैला, चोरी की आशंका वाला सोने का सूई-धागा, चांदी की दो जोड़ी पायल तथा घटना में प्रयुक्त एचएफ डीलक्स मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामद सामान का हाल में हुई चोरी की घटनाओं से संबंध होने की जांच की जा रही है।
जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश घायल
घटना की सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक डॉ. ईशान सोनी एवं क्षेत्राधिकारी माधौगढ़ अंबुज यादव मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। एएसपी ने बताया कि मुखबिर की सूचना पर की गई घेराबंदी के दौरान बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग की थी। आत्मरक्षा में की गई जवाबी कार्रवाई में दो बदमाश घायल हुए और एक को गिरफ्तार कर लिया गया। तीनों के आपराधिक इतिहास और अन्य चोरी की घटनाओं में संलिप्तता की जांच की जा रही है।