Jalaun Accident: सब्जी विक्रेता देवर-भाभी पर पिकअप चढ़ी, एक की मौत और दूसरा घायल, चालक मौके से फरार
Jalaun News: सिरसाकलार थाना क्षेत्र के दमरास गांव में सब्जी विक्रेता देवर-भाभी पर पिकअप चढ़ गई। हादसे में देवर की मौत हो गई, जबकि भाभी गंभीर रूप से घायल हो गई।
विस्तार
जालौन जिले के सिरसाकलार थाना क्षेत्र में सब्जी की दुकान लगाकर अलाव ताप रहे सब्जी विक्रेता देवर भाभी के ऊपर चालक ने पिकअप चढ़ा दी। इससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा देख लोगों में अफरा तफरी मच गई। पुलिस को सूचना देकर आनन फानन ग्रामीणों ने पिकअप के नीचे से दोनों को निकालकर दोनों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल पहुंचाया।
यहां डॉक्टर ने देवर को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने लोडर को पकड़ लिया है,जबकि चालक मौके से भाग गया है। मृतक के भतीजे ने पुलिस को तहरीर दे दी है। थाना क्षेत्र के दमरास गांव निवासी संतोष कुमार (58) व उसकी भाभी शिवकली (64) दमरास में पुरानी बैंक के आगे टट्टर लगाकर सब्जी की दुकान किए हैं।
लोगों ने दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया
शुक्रवार की सुबह दोनों ने अपनी अपनी दुकान लगाकर बाहर अलाव जला लिया और तापने लगे। तभी दोपहर 12 बजे दूध लेकर आने वाली पिकअप ने ताप रहे देवर भाभी पर टक्कर मारते हुए पिकअप चढ़ा दी। इससे दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने दोनों को पिकअप के नीचे से निकालकर जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां डॉक्टर ने संतोष कुमार को मृत घोषित कर दिया।
चालक की तलाश में जुटी पुलिस
गंभीर रूप से घायल शिवकली को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मृतक के भतीजे शरद कुमार ने पुलिस को तहरीर देते हुए बताया कि लोडर चालक न्यामतपुर निवासी मुरारी यादव प्रतिदिन दूध लेकर आता था। उसने लापरवाही से उसके चाचा चाची पर पिकअप चढ़ा दी। इससे चाचा की मौत हो गई। थानाध्यक्ष ब्रजेश बहादुर सिंह ने बताया कि चालक पिकअप को छोड़कर मौके से भाग गया है। रिपोर्ट दर्जकर उसकी तलाश की जा रही है।