Irfan Solanki Case: इरफान के समर्थन में आए सांसद पचौरी बोले- पुलिस ने हड़बड़ी में उठाया कदम
भाजपा सांसद सत्यदेव पचौरी ने कहा कि पुलिस ने इस मामले में हड़बड़ी में कदम उठाया है। उनका कहना है कि पुलिस से मामले में गड़बड़ी हुई, जल्दबाजी में बिना जांच के एफआईआर की गई है। सांसद का कहना है कि पुलिस ने स्थानीय स्तर पर मामला जानबूझ कर बिगाड़ा है। रात 12 बजे विधायक के घर पर छापेमारी नहीं होनी चाहिए थी।
विस्तार
भाजपा सांसद सत्यदेव पचौरी अचानक से सपा विधायक इरफान सोलंकी के बचाव की मुद्रा में आ गए हैं। उन्होंने स्थानीय पुलिस पर सवाल उठाते हुए कहा कि पुलिस सपा विधायक व उनके परिजनों का उत्पीड़न कर रही है। उन्होंने पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े करते हुए कहा कि पुलिस ने इस मामले में हड़बड़ी में कदम उठाया है।
जल्दबाजी में बिना जांच के विधायक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। रात 12 बजे विधायक के घर पर छापेमारी नहीं होनी चाहिए थी। पुलिस विधायक को दिन में बुलाकर पूछताछ कर सकती थी। एक दिन पहले इरफान की मां और पत्नी सांसद के घर मदद मांगने आईं थीं। परिजनों ने सांसद से मुलाकात करके मदद की गुहार लगाई थी। सांसद ने परिजनों की गुहार पर पत्र लिखकर प्रमुख सचिव गृह संजय प्रसाद से साफ और निष्पक्ष जांच के लिए कहा है। सांसद पचौरी का कहना है कि जनप्रतिनिधि होने के नाते उनके पास जो भी आता है, उसकी समस्याओं का निस्तारण हो इसके लिए कोशिश करता हूं।
इरफान की पत्नी और मां उनके पास अपनी समस्या लेकर आईं थीं। उसे सुनने के बाद और काफी जांच पड़ताल करने के बाद हमने पत्र लिखकर यह कहा है कि यदि विधायक सही हैं तो उन्हें न्याय अवश्य मिलना चाहिए। पुलिस की तरफ से इस मामले में जो जल्दबाजी की गई है, उसमें गंभीरता से और निष्पक्षता से जांच करने के बाद ही कोई फैसला लिया जाए। सवाल उठ रहा है कि सांसद पचौरी ने विपक्ष के विधायक के पक्ष में इस तरह का पत्र आखिर क्यों लिखा। वह भी ऐसे समय में जब सपा विधायक पर दो- दो मुकदमे दर्ज हो चुके हैं और यह भी माना जा रहा है कि यह पूरी कार्रवाई प्रदेश सरकार की जानकारी में हो रही है।
कहा जा रहा है कि पिछले कुछ समय से भारतीय जनता पार्टी जिस तरह से मुस्लिम मतदाताओं को अपनी ओर खींचने के लिए तरह-तरह की योजनाएं और रणनीति बना रही है, सांसद पचौरी का विधायक इरफान के पक्ष में इस तरह से आना भी इसी रणनीति का एक हिस्सा हो सकता है। जानकारों का यह भी कहना है कि सांसद पचौरी को भी पता है कि विधायक इरफान सोलंकी कि जिस तरह से घेराबंदी शुरू की गई है, उससे साफ है कि वह जल्दी इस मामले से उबर नहीं पाएंगे। जिससे इरफान का राजनीतिक करियर भी दांव पर लग सकता है। ऐसे में इरफान के समर्थकों, जिनकी संख्या लाखों में है, उन्हें अपनी ओर लाने का इससे अच्छा मौका कोई और नहीं हो सकता है। यानी सांप भी मर जाए और लाठी भी न टूटे।