IND vs NZ Test: मैच के लिए परमट बना छावनी, घरों से निकले लोगों से बदसलूकी, आसपास का इलाका किया गया सील
कानपुर में टेस्ट मैच के चलते ग्रीनपार्क के बाहरी हिस्से में सुरक्षा घेरा बनाने के लिए पुलिस ने परमट चौराहे से मंदिर की ओर और डीएवी इंटर कॉलेज तिराहे के पास कॉलेज की तरफ बैरिकेडिंग लगाई है।
विस्तार
ग्रीनपार्क के बाहरी हिस्से में सुरक्षा घेरा बनाने के लिए पुलिस ने परमट चौराहे से मंदिर की ओर और डीएवी इंटर कॉलेज तिराहे के पास कॉलेज की तरफ बैरिकेडिंग लगाई है। परमट चौराहे से मंदिर के लिए जाने वाले रास्ते में पड़ने वाली सभी गलियों को ब्लॉक कर दिया गया।
इसी तरह डीएवी इंटर कॉलेज वाली रोड के घरों की छतों पर पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया। सुरक्षा घेरे में रहने वाले करीब पांच हजार परिवारों को समस्याओं का सामना करना पड़ा। परिवार के लोग कामकाज के बाद जब घर लौटे तो उनसे पूछताछ के नाम पर अभद्रता की गई। बाद में ये लोग अपने वाहन बाहर ही स्टैंड में खड़े कर पैदल घर पहुंचे।
मोहल्ले में रहने वाले हेमंत तिवारी, जया, सुरेश मिश्रा, राघव सिंह आदि ने बताया कि मोहल्ले में रहने का प्रमाण और आईडी दिखाने के बाद भी बड़ी मशक्कत के बाद घर जाने दिया। लोगों को मैच के दौरान अंदर ही रहने के निर्देश दिए गए हैं। इस दौरान आसपास के सभी स्कूल, कॉलेज भी बंद करा दिए गए हैं।
सुबह बाइक लेकर कुछ काम से गया था। दोपहर को लौटा तो बैरिकेडिंग के पास ही रोक लिया गया। आधार कार्ड दिखाने के बाद भी अंदर नहीं जाने दिया गया।
विनोद
मैं मोहल्ले से पैदल ही बाजार कुछ घरेलू सामान लेने गई थी। लौटते वक्त पुलिस ने रोक लिया और काफी देर तक बहस करने के बाद किसी तरह अंदर जाने दिया।
पूजा वर्मा