Hamirpur: सावधान! अच्छे नंबरों के झांसे में न आएं आप, हो सकते हैं ठगी का शिकार, विभाग ने जारी किया अलर्ट
Hamirpur News: हाईस्कूल या इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा पास कराने के नाम पर आप ठगी का शिकार हो सकते हैं। दरअसल, अच्छे नंबरों से पास कराने और नंबर बढ़वाने वाला अपराधिक गैंग सक्रिया हुआ है। इसको लेकर माध्यमिक शिक्षा परिषद ने अलर्ट जारी किया है।
विस्तार
यदि आप या आपके परिवार में किसी ने हाईस्कूल या इंटरमीडिएट की बोर्ड परीक्षा दी है, तो सावधान हो जाएं। बोर्ड परीक्षा पास कराने के नाम पर आपके मोबाइल पर कभी भी घंटी बज सकती है। आपकी थोड़ी सी असावधानी के चलते आप ठगी के शिकार हो सकते हैं। इस संबंध में माध्यमिक शिक्षा परिषद ने अलर्ट जारी किया है।
बोर्ड परीक्षाओं का मूल्यांकन कार्य समाप्त हो चुका है। परीक्षाफल शीघ्र जारी होने की संभावना जताई जा रही है। प्रदेश में पिछले साल की तरह इस बार भी यूपी बोर्ड के हाईस्कूल-इंटरमीडिएट के परीक्षार्थियों व उनके अभिभावकों को फिर से साइबर ठग निशाना बनाने में जुटे हैं।
ऐसे अपराधी परीक्षार्थियों और उनके अभिभावकों के दर्ज मोबाइल नंबरों पर फोन कर रहे हैं। यूपी बोर्ड के परीक्षार्थियों को पास कराने के नाम पर फोन पर रुपयों की मांग की जा रही है। इसको लेकर माध्यमिक शिक्षा परिषद के पास कई सूचनाएं पहुंची थीं।
जिला विद्यालय निरीक्षक को भेजा पत्र
इसके बाद अपर सचिव ने पत्र जारी करके जिला विद्यालय निरीक्षक को सचेत किया है। यदि ऐसी कोई सूचना मिलती है, तो तत्काल प्राथमिकी दर्ज कराए जाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही परीक्षार्थियों एवं अभिभावकों को भी ठगों से सावधान रहने की चेतावनी दी है।
बोर्ड परीक्षा का मूल्यांकन कार्य खत्म हो चुका है। अब परीक्षा का परिणाम आना शेष है। कहा कि ऐसे में कुछ शातिर किस्म के ठग फायदा उठाना चाहते हैं। यदि इस तरह का कोई फोन परीक्षार्थी या उसके अभिभावक के पास आए तो वह बहकावे में न आएं। इसकी सूचना विभाग को दें, जिससे ठगों के खिलाफ कार्रवाई की जा सके। -केके ओझा, जिला विद्यालय निरीक्षक