Kannauj Accident: एक्सप्रेस-वे पर डीसीएम की टक्कर से बाइक सवार दो दोस्तों की गई जान
बिधूना रोड पर एक्सप्रेसवे अंडरपास के पास डीसीएम ने बाइक में टक्कर मार दी। इस हादसे में दो युवकों की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि दोनों युवक अपने दोस्त की शादी समारोह में शामिल जा रहे थे। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
विस्तार
कन्नौज जिले के छिबरामऊ में दोस्त के साथ मौसेरे भाई की शादी में जा रहे बाइक सवार युवक को सौरिख रोड पर एक्सप्रेस-वे के अंडरपास पर सामने से आ रही डीसीएम ने टक्कर मार दी। अस्पताल में दोनों को मृत घोषित कर दिया गया। हादसे के बाद डीसीएम लेकर चालक भाग गया।
औरैया जनपद के बिधूना कोतवाली क्षेत्र के गूरा गांव निवासी नीलेश उर्फ अमित (28) गांव के विवेक सेंगर (21) के साथ मंगलवार को तारापुर्वा बिधूना निवासी मौसेरे भाई अनिल की शादी में शामिल होने सौरिख के रूपपुर गया था। सौरिख-बिधूना मार्ग पर एक्सप्रेस-वे के अंडरपास के पास विपरीत दिशा से आ रही तेज रफ्तार डीसीएम ने बाइक में टक्कर मार दी।
हादसे में दोनों बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। विवेक कुमार को सीएचसी व नीलेश को उत्तर प्रदेश आयुर्विज्ञान संस्थान सैफई में लाया गया, जहां दोनों मृत घोषित कर दिया गया। विवेक का कन्नौज और नीलेश का सैफई में पोस्टमार्टम कराया गया। विवेक दो भाइयों में छोटा था और अविवाहित था। नीलेश तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था। परिवार में पत्नी गौरी और छह माह की पुत्री है। वह दिल्ली मे प्राइवेट नौकरी करता था।