हरदोई में भीषण सड़क हादसा: ट्रक और डंपर की जोरदार भिड़ंत, दोनों चालकों की मौत और एक गंभीर घायल
Hardoi News: क्रेन की मदद से ट्रक और डंपर को हटवाकर नीचे दबे चालकों को निकालकर सीएचसी कछौना भेजा गया, जहां दोनों को मृत घोषित कर दिया गया। ट्रक का चालक दिनेश गंभीर रूप से घायल है।
विस्तार
हरदोई जिले के कछौना कोतवाली क्षेत्र में हरदोई-लखनऊ मार्ग पर नैरा मोड़ के पास गिट्टी भरे डंपर और सीमेंट की रेडीमेड दीवारों से लदे ट्रक में सीधी भिड़ंत हो गई। घटना में दोनों वाहनों के चालकों की मौत हो गई, जबकि ट्रक का हेल्पर गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की जानकारी पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों को सीएचसी कछौना पहुंचाया।
वहीं, घायल को इलाज के लिए भर्ती कराया। क्रेनों की मदद से सड़क पर पलटे दोनों वाहनों को हटवाया गया। मिली जानकारी के अनुसार, सुल्तानपुर जनपद के एटवा निवासी रामवीर (45) ट्रक चलाता था। सुल्तानपुर के ज्यूरा पट्टी निवासी दिनेश कुमार मिश्रा (40) के साथ ट्रक पर सीमेंट की रेडीमेड दीवारें लादकर हरदोई जाने को निकला था।
हरदोई-लखनऊ मार्ग पर नैरा गांव के पास हरदोई की ओर से संडीला जा रहे गिट्टी भरे डंपर से ट्रक की सीधी भिड़ंत हो गई। मथुरा जनपद के बलदेव थाना क्षेत्र अंतर्गत घरसेउली निवासी रमजान (45) डंपर चला रहा था। घटना के बाद दोनों वाहन पलट गए और इनके चालक नीचे दब गए। चीख-पुकार सुनकर बड़ी संख्या में राहगीर मौके पर पहुंच गए।
क्रेन की मदद से ट्रक और डंपर को हटाया
इसके बाद पुलिस को भी घटना की जानकारी दी गई। क्रेन की मदद से ट्रक और डंपर को हटवाकर नीचे दबे चालकों को निकालकर सीएचसी कछौना भेजा गया, जहां दोनों को मृत घोषित कर दिया गया। ट्रक का चालक दिनेश गंभीर रूप से घायल है। घटना की जानकारी दोनों चालकों के परिजनों को दे दी गई है।
निर्माणाधीन है सड़क फिर भी रफ्तार भरते हैं ओवर लोड वाहन
हरदोई-लखनऊ मार्ग का निर्माण कार्य चल रहा है। गिट्टी लदा ट्रक निर्माण कार्य का ठेका लिए कंपनी से ही संबद्ध है। मार्ग निर्माणाधीन होने के कारण आवागमन बाधित रहता है, लेकिन फिर भी भारी वाहन न सिर्फ रफ्तार भरते हैं, बल्कि ओवर लोड भी रहते हैं। मामला सड़क निर्माण से जुड़ा होने के कारण परिवहन विभाग के जिम्मेदार भी इस ओर ध्यान नहीं देते।