हरदोई में भीषण सड़क हादसा: ट्रैक्टर और बाइक की जोरदार भिड़ंत, दो की दर्दनाक मौत, एक के टूटे हाथ-पैर...हालत गंभीर
बेहटागोकुल थाना क्षेत्र में ट्रैक्टर ने बाइक सवारों को चपेट में ले लिया। हादसे में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
विस्तार
उत्तर प्रदेश में हरदोई जिले के बेहटागोकुल थाना क्षेत्र में दर्दनाक सड़क हादसा हुआ है। एक ट्रैक्टर ने बाइक सवारों को रौंद दिया। हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मिली जानकारी के अनुसार, बीती रात करीब सात बजे सांडी-शाहबाद मार्ग पर एक बाइक और ट्रैक्टर की भिड़ंत हो गई। इसमें बाइक सवार रंजीत (19) पुत्र पुत्तू लाल, श्यामू (18) पुत्र बटेश्वर और धर्मपाल (28) पुत्र बृजकिशोर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां रंजीत और श्यामू को मृत घोषित कर दिया गया। वहीं, धर्मपाल के हाथ और पैर टूट गए, जिसका जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। मृतक रंजीत दो भाइयों में बड़ा था और उसकी तीन बहनें भी हैं। वह पानीपत में मजदूरी का काम करता था।
तहरीर मिलने पर होगी अग्रिम कार्रवाई
वहीं, मृतक श्यामू तीन भाइयों में दूसरे नंबर का था और वह भी पानीपत में रंजीत के साथ मेहनत मजदूरी का काम करता था। इस संबंध में थाना प्रभारी रंधा सिंह ने बताया बाइक सवार दो लोगों की मौत हुई है और तीसरा घायल है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। तहरीर मिलने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।