Hardoi Accident: वाहन की टक्कर से सगे भाइयों की मौत; गेहूं की मड़ाई कराने जा रहे थे दोनों, परिजनों में कोहराम
Hardoi News: बेनीगंज-संडीला मार्ग पर मलेहरा के पास अज्ञात वाहन की टक्कर से सगे भाइयों की मौत हो गई, जो अपने साढ़ू के घर गेहूं की मड़ाई कराने जा रहे थे।
विस्तार
हरदोई जिले में बेनीगंज-संडीला मार्ग पर बाइक सवार सगे भाइयों को शुक्रवार रात किसी वाहन ने टक्कर मार दी। एक भाई की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दूसरे को मेडिकल कॉलेज में मृत घोषित कर दिया गया। घटना का पता चलते ही परिजनों में कोहराम मच गया।
अतरौली थाना क्षेत्र के बहुती गांव निवासी राजू ( 35) खेती करते थे। उनके साढ़ू विजय कुमार का घर संडीला कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में है। विजय के खेत में गेहूं की फसल काटी गई थी। फसल की मड़ाई कराने के लिए शुक्रवार रात राजू अपने भाई लक्का (25) के साथ बाइक से विजय के गांव जा रहा था।
किसी वाहन ने बाइक में मार दी टक्कर
रात लगभग 10 बजे संडीला-बेनीगंज मार्ग पर मलेहरा के पास किसी वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर लगने से राजू और लक्का सड़क पर गिर गए। राहगीरों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कोथावां ले जाया गया।
सगे भाइयों की दर्दनाक मौत
यहां लक्का को मृत घोषित कर दिया गया, जबकि राजू को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। मेडिकल कॉलेज में राजू को भी मृत घोषित कर दिया गया। बेनीगंज कोतवाल मारकंडेय सिंह ने बताया कि घटना संडीला कोतवाली क्षेत्र में हुई है। घायल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाए गए थे। सूचना परिजनों को दी गई है।