Hardoi: टूटे हाईटेंशन तार को हटा रहे किसान की करंट से मौत, परिजनों का हाल बेहाल
Hardoi News: हाईटेंशन लाइन का तार हटा रहे किसान की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हरदोई जिले के शाहाबाद में हाईटेंशन लाइन का तार शुक्रवार देर रात टूटकर गिर गया। शनिवार सुबह मवेशियों के लिए खेत से चारा लेने जा रहे किसान ने सड़क पर तार टूटा पड़ा देखा तो उसे हटाने लगा। इसी दौरान वह तार में आ रहे करंट की चपेट में आ गया। मौके पर ही उसकी मौत हो गई। पूरे मामले की जांच विद्युत सुरक्षा निदेशालय के अधिकारी मंगलवार को करेंगे।
शाहाबाद कोतवाली क्षेत्र के सरदारनगर निवासी सुखराम (47) खेती करते थे। शनिवार सुबह सुखराम मवेशियों के लिए खेत से चारा लेने जा रहे थे। रास्ते में हाईटेंशन लाइन का तार टूटा पड़ा था। सुखराम ने तार उठाकर सड़क से हटाने की कोशिश की, लेकिन उन्हें करंट लग गया। करंट लगने से मौके पर ही उनकी मौत हो गई। ग्रामीणों की सूचना पर परिजन और पुलिस मौके पर पहुंच गए। परिवार में पत्नी सुखरानी, दो पुत्र शैलेंद्र और राजवीर हैं। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
रात ढाई बजे गिरी थी हाईटेंशन लाइन
बिजली विभाग से जुड़े सूत्र बताते हैं कि शुक्रवार आधीरात के बाद ढाई बजे हाईटेंशन लाइन टूटकर गिरी थी। इसकी जानकारी रात में ही विभागीय अभियंताओं को हो गई थी। विद्युत वितरण खंड शाहाबाद के अधिशासी अभियंता विनोद कुमार का दावा है कि रात में ही शाहाबाद कस्बे के मोहल्ला सुलेमानी में लगे जंफर से तार खोलकर उक्त लाइन की आपूर्ति बंद कर दी गई थी। इसके बावजूद करंट कैसे आया इसकी जांच कराई जा रही है। उन्होंने बताया कि विद्युत सुरक्षा निदेशालय से भी जांच टीम मंगलवार को आकर जांच करेगी।