Hardoi Accident: डंपर बैक करते समय हादसा, चारपाई पर सो रहे पोकलेन चालक समेत दो को कुचला…मौत, रिपोर्ट दर्ज
Hardoi News: बेहटागोकुल थाना क्षेत्र में चालक ने डंपर बैक करते समय चारपाई पर सो रहे पोकलेन चालक और उसके एक सहयोगी को कुचल दिया, जिससे दोनों की मौत हो गई। पुलिस ने डंपर चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और दूसरे मृतक की पहचान की कोशिश कर रही है।
विस्तार
हरदोई जिले में बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र के सलेमपुर राय गांव में डंपर बैक करते समय पोकलेन चालक और उसके सहयोगी की कुचलकर मौत हो गई। पोकलैंड चालक की पहचान हो गई है, जबकि उसके सहयोगी की पहचान अभी नहीं हो पाई है। सलेमपुर राय में नहर की सिल्ट सफाई से निकली बालू उठाने का ठेका हुआ है।
बालू उठाने का काम दिनभर होता है। रात में सांडी थाना क्षेत्र के उल्लामऊ निवासी राजू अपनी पोकलेन मशीन के पास चारपाई पर सो गया था। उसके पास ही सहयोगी भी सोया था। इसी दौरान यहीं काम करने वाले डंपर चालक ने डंपर खड़ा करने के लिए बैक किया। इसी दौरान डंपर चारपाई पर चढ़ गया। कुचलकर राजू और उसके सहयोगी की मौत हो गई।
डंपर चालक पर रिपोर्ट दर्ज
देर रात हुई घटना की जानकारी पर पुलिस मौके पर पहुंच गई। दोनों शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। घटना में डंपर चालक को नामजद करते हुए रिपोर्ट दर्ज की गई है। अपर पुलिस अधीक्षक एमपी सिंह ने बताया कि दूसरे मृतक की पहचान करने की कोशिश की जा रही है। चालक पर रिपोर्ट दर्ज की गई है।