कानपुर में छात्रा का उत्पीड़न: ‘कोचिंग का दबाव, अशोभनीय टिप्पणियां’, पीटी शिक्षिका-वाइस प्रिंसिपल पर रिपोर्ट
Kanpur News: जाजमऊ स्थित सर सैयद पब्लिक स्कूल की 14 वर्षीय छात्रा के साथ अभद्र व्यवहार, शरीर पर अशोभनीय टिप्पणियां करने और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि पीटी शिक्षिका ने छात्रा को प्रताड़ित किया और वाइस प्रिंसिपल ने अपनी निजी कोचिंग में पढ़ने का दबाव बनाते हुए सादे कागज पर हस्ताक्षर कराए।
विस्तार
कानपुर में जाजमऊ स्थित सर सैयद पब्लिक स्कूल की 14 वर्षीय छात्रा के साथ अभद्र व्यवहार, मानसिक उत्पीड़न, अशोभनीय टिप्पणियां करने, धमकाने और जबरन सादे कागज पर हस्ताक्षर कराने के मामले में पुलिस ने स्कूल की पीटी शिक्षिका रुशदा और वाइस प्रिंसिपल हतीब के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। आरोप है कि एक अगस्त को छात्रा का कक्षा की एक अन्य छात्रा से विवाद हुआ था।
इसके बाद दूसरी छात्रा की बड़ी बहन, जो स्कूल में पीटी शिक्षिका है, ने छात्रा के साथ अपमानजनक व्यवहार किया। आरोप है कि छात्रा को कई घंटे तक कक्षा के बाहर खड़ा रखा गया और उसके शरीर को लेकर अशोभनीय व अमर्यादित टिप्पणियां की गईं। शिकायत में स्कूल के वाइस प्रिंसिपल पर भी गंभीर आरोप लगाए गए हैं। आरोप है कि उन्होंने मामले में निष्पक्ष कार्रवाई करने के बजाय पक्षपातपूर्ण रवैया अपनाया।
भविष्य खराब करने की दी गई धमकी
वाइस प्रिंसिपल और पीटी शिक्षिका के बीच रिश्तेदारी होने का भी आरोप है। छात्रा पर वाइस प्रिंसिपल की निजी कोचिंग में पढ़ने का दबाव बनाया जा रहा था और मना करने के बाद उसे लगातार परेशान किए जाने का आरोप है। परिजन के अनुसार, घटना के बाद छात्रा को परीक्षा में फेल करने, स्कूल से निष्कासित करने और बदनाम कर भविष्य खराब करने की धमकी दी गई।
जानकारी घर पर न देने की हिदायत दी
आरोप है कि भय दिखाकर उससे अभिभावकों की गैरमौजूदगी में सादे कागज पर कुछ लिखवाकर हस्ताक्षर भी करा लिए गए और घटना की जानकारी घर पर न देने की हिदायत दी गई। छात्रा के मानसिक तनाव में रहने और उसके भोजन व नींद पर असर पड़ने की बात भी शिकायत में कही गई है। चिकित्सकीय परीक्षण के बाद उसका उपचार शुरू कराए जाने का दावा किया गया है।
पीटी शिक्षिका और वाइस प्रिंसिपल के खिलाफ प्राथमिकी
पीटी शिक्षिका पर छात्रा और उसके परिवार को गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी देने का भी आरोप है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर पीटी शिक्षिका और वाइस प्रिंसिपल के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जाजमऊ इंस्पेक्टर संजय पांडे ने बताया कि स्कूल के सीसीटीवी फुटेज, इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य और अन्य लोगों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।